Skip to content

ब्लैकमेलिंग से टूटी हिम्मत…26 साल की महिला ने लगा ली फांसी,सुसाइड नोट और ऑडियो से खुला राज

रायगढ़, 10 मार्च।रायगढ़ जिले के तमनार क्षेत्र में एक महिला की आत्महत्या के मामले में पुलिस जांच ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। मर्ग जांच के दौरान मिले सुसाइड नोट और मोबाइल की ऑडियो रिकॉर्डिंग ने पूरे मामले की परतें खोल दीं। पुलिस ने महिला को ब्लैकमेल कर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार ग्राम सेमीजोर की 26 वर्षीय महिला ने 6 फरवरी की दोपहर अपने घर के रसोई कमरे में गमछा बांधकर फांसी लगा ली थी। घटना के बाद परिजन उसे जीवित समझकर फोर्टिस अस्पताल उर्जानगर तमनार लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद तमनार पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान परिजनों ने पुलिस को महिला द्वारा लिखा गया सुसाइड नोट और मोबाइल में सुरक्षित एक ऑडियो रिकॉर्डिंग सौंपी। इन्हीं सबूतों ने पूरे मामले का रुख बदल दिया। जांच में सामने आया कि गांव का ही महेन्द्र गुप्ता (31 वर्ष) महिला और एक युवक के बीच हुई बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग अपने पास रखकर उसे लगातार ब्लैकमेल कर रहा था।

बताया गया कि आरोपी उस रिकॉर्डिंग के आधार पर महिला पर गलत काम करने का दबाव बना रहा था। लगातार हो रही ब्लैकमेलिंग और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर महिला ने आखिरकार आत्मघाती कदम उठा लिया।

मामले में आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के साक्ष्य मिलने पर थाना तमनार में अपराध क्रमांक 51/2026 के तहत धारा 108 बीएनएस में मामला दर्ज किया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव आहेर ने कार्रवाई करते हुए आरोपी महेन्द्र गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक विवो कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

इस पूरी कार्रवाई में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने जांच पूरी की। मामले के खुलासे में थाना प्रभारी प्रशांत राव आहेर सहित पुलिस टीम के कई जवानों की अहम भूमिका रही।

एसएसपी का सख्त संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ मानसिक उत्पीड़न, ब्लैकमेलिंग या किसी भी प्रकार के अपराध को पुलिस गंभीरता से ले रही है। ऐसे मामलों में आरोपियों के खिलाफ कड़ी और त्वरित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri