Skip to content

कार में कबाड़… और रास्ते में पुलिस! फ्रोंक्स कार से 190 किलो स्क्रैप बरामद, आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़, 10 मार्च।रायगढ़ जिले में अवैध कबाड़ के कारोबार पर पुलिस की सख्ती लगातार बढ़ रही है। खरसिया पुलिस ने एक ऐसी कार को पकड़ा, जिसे देखकर शायद ही किसी को शक होता, लेकिन जब पुलिस ने तलाशी ली तो उसमें से भारी मात्रा में लोहे का स्क्रैप निकल आया।

दरअसल 8 मार्च की शाम पुलिस चौकी खरसिया को मुखबिर से सूचना मिली कि एक कार में अवैध लोहे का स्क्रैप ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी ने टीम को सतर्क किया और संदिग्ध वाहन पर निगाह रखने के निर्देश दिए। कुछ ही देर बाद ठाकुरदिया से मौहापाली मालधक्का रोड पर एक मारुति फ्रोंक्स कार (CG 13 BB 2808) को रोककर जांच की गई।

जैसे ही पुलिस ने कार की तलाशी ली, अंदर से करीब 190 किलो लोहे का स्क्रैप बरामद हुआ। कार चला रहे व्यक्ति ने अपना नाम राजू अग्रवाल (47 वर्ष), निवासी छपरीगंज खरसिया बताया। पुलिस ने जब स्क्रैप से जुड़े वैध दस्तावेज मांगे तो वह कोई कागज पेश नहीं कर सका। स्क्रैप के चोरी का होने की आशंका पर पुलिस ने मौके पर ही करीब 6,650 रुपये कीमत का स्क्रैप और लगभग 4 लाख रुपये की कार जब्त कर ली।

मामले में दिलचस्प मोड़ तब आया जब कार्रवाई के दौरान आरोपी ने गवाहों से ही उलझना शुरू कर दिया। उसने गवाहों पर “मुखबिरी” करने का आरोप लगाते हुए उन्हें धमकाना शुरू कर दिया। पुलिस ने काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन जब वह नहीं माना और माहौल बिगड़ने लगा तो पुलिस ने उसे धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर लिया। साथ ही धारा 126 और 135(3) बीएनएसएस के तहत भी कार्रवाई की गई।

इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी खरसिया निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के साथ सहायक उप निरीक्षक उदय सिदार, प्रधान आरक्षक अनंत तिवारी, आरक्षक साविल चंद्रा और आरक्षक डमरूधर पटेल की अहम भूमिका रही।

एसएसपी का साफ संदेश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में चोरी के कबाड़ और अवैध स्क्रैप परिवहन पर पुलिस की पैनी नजर है। ऐसे अवैध कारोबार में शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri