Skip to content

अफीम की खेती के विरोध में कांग्रेस का आंदोलन, 12 मार्च को भाजपा कार्यालय का होगा घेराव

रायगढ़, 10 मार्च। प्रदेश में बढ़ते नशे के कारोबार और कथित तौर पर सरकार के संरक्षण के आरोपों को लेकर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की जिला इकाई ने आंदोलन की घोषणा की है। जिला कांग्रेस कमेटी रायगढ़ द्वारा 12 मार्च 2026 को भाजपा कार्यालय का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। यह कार्यक्रम दोपहर 12 बजे जिला मुख्यालय स्थित भाजपा कार्यालय के सामने आयोजित होगा।

जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के अध्यक्ष नगेंद्र नेगी और शहर अध्यक्ष शाखा यादव के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को बड़ी संख्या में शामिल होने का आह्वान किया गया है।

भाजपा नेताओं पर अफीम की खेती के आरोप

जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता तारेन्द्र डनसेना ने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार के संरक्षण में सूखा नशा और अफीम की खेती का कारोबार फैल रहा है। उन्होंने कहा कि दुर्ग जिले के बाद अब बलरामपुर जिले में भी अफीम की खेती का खुलासा हुआ है, जिससे यह आशंका मजबूत होती है कि प्रदेश को अफीम की खेती का गढ़ बनाने का प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस इसी मुद्दे को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ आंदोलन कर रही है।

कांग्रेस भवन में होगी संगठनात्मक बैठक

घेराव कार्यक्रम के बाद उसी दिन दोपहर 3 बजे रायगढ़ स्थित कांग्रेस भवन में संगठनात्मक बैठक भी आयोजित की जाएगी। इस बैठक में बिलाईगढ़ के पूर्व विधायक चंद्रदेव राय विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

बैठक में बूथ, पंचायत और वार्ड कमेटियों के गठन के साथ-साथ बीएलए (Booth Level Agent) की नियुक्ति पर चर्चा की जाएगी। इसके अलावा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रणनीति पर भी विचार किया जाएगा।

कार्यकर्ताओं से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील

जिला कांग्रेस कमेटी रायगढ़ (ग्रामीण) ने सभी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों, जिला पदाधिकारियों, विभिन्न मोर्चा संगठनों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा कार्यकर्ताओं से दोनों कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से ही यह आंदोलन प्रभावी और सफल हो सकेगा।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri