Skip to content

निर्विरोध राज्यसभा सांसद चुनी गईं लक्ष्मी वर्मा और फूलोदेवी नेताम, बीजेपी-कांग्रेस में जश्न

रायपुर । छत्तीसगढ़ से से राज्यसभा के लिए बीजेपी की लक्ष्मी वर्मा और कांग्रेस की फूलोदेवी नेताम निर्विरोध सांसद चुन ली गई हैं। दोनों नेत्रियों ने सोमवार को विधानसभा पहुंचकर अपना निर्वाचन प्रमाण पत्र प्राप्त किया। इस अवसर पर दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और गले लगाकर जीत की बधाई दी।

विधानसभा में लिया प्रमाण पत्र

छतीसगढ़ विधानसभा पहुंचकर दोनों नवनिर्वाचित सांसदों ने निर्वाचन प्रमाण पत्र लिया। इस दौरान बीजेपी और कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। सभी ने दोनों महिला नेताओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।

राज्यसभा चुनाव में नामांकन वापसी की अंतिम तिथि के बाद दोनों उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित घोषित हो गईं। इस मौके पर दोनों सांसदों ने पार्टी नेतृत्व और प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे राज्य और प्रदेश के हितों को संसद में मजबूती से उठाने का प्रयास करेंगी।

पहली बार दोनों दलों से महिला उम्मीदवार

इस बार का राज्यसभा चुनाव कई मायनों में खास रहा। पहली बार ऐसा हुआ है जब राज्यसभा चुनाव के लिए दोनों प्रमुख दलों ने महिला उम्मीदवारों को मैदान में उतारा और दोनों ही निर्विरोध निर्वाचित हो गईं।

छत्तीसगढ़ में राज्यसभा की कुल पांच सीटें हैं, जिनमें अब तीन महिला सांसद होंगी। हालांकि कांग्रेस की सांसद रंजित रंजन का कार्यकाल मई में समाप्त होने वाला है।

सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखकर चयन

इस बार दोनों पार्टियों ने जातीय और सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए अपने प्रत्याशी चुने थे। दिलचस्प बात यह भी है कि वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में दोनों नेताओं ने टिकट की दावेदारी की थी, लेकिन पार्टी ने उन्हें मौका नहीं दिया था। अब राज्यसभा भेजकर उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है।

फूलोदेवी नेताम बस्तर क्षेत्र की प्रमुख आदिवासी महिला नेता हैं और वह लगातार दूसरी बार राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुई हैं। साथ ही वे महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष भी हैं।

वहीं लक्ष्मी वर्मा लंबे समय से बीजेपी संगठन में सक्रिय रही हैं। वे पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष रह चुकी हैं और रायपुर जिला पंचायत की अध्यक्ष के रूप में भी काम कर चुकी हैं। अब पार्टी ने उन्हें राज्यसभा भेजकर संगठन में उनकी भूमिका को और मजबूत किया है।

दोनों नेताओं के निर्विरोध चुनाव के बाद प्रदेश की राजनीति में उत्साह का माहौल है और बीजेपी तथा कांग्रेस कार्यकर्ता अपने-अपने नेताओं की जीत पर जश्न मना रहे हैं।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri