Skip to content

कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी से हड़कंप, जयस्तंभ चौक सील

बालोद ।छत्तीसगढ़ के बालोद में उस समय हड़कंप मच गया जब जिला एवं सत्र न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना सामने आई। धमकी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला तुरंत अलर्ट हो गया। एहतियात के तौर पर अदालत परिसर को खाली कराकर पूरे इलाके में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी गई।

न्यायालय परिसर कराया गया खाली

जानकारी के मुताबिक बालोद जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद कोर्ट परिसर में मौजूद कर्मचारियों, वकीलों और आम लोगों को तुरंत बाहर निकाल दिया गया। इसके साथ ही न्यायालय के आसपास के इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया।

जयस्तंभ चौक चारों तरफ से सील

घटना के बाद शहर के प्रमुख स्थल जय स्तंभ चौक को चारों ओर से सील कर दिया गया है। चौक और आसपास के मार्गों पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। आने-जाने वाले लोगों और वाहनों की सघन जांच की जा रही है।

बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड मौके पर

धमकी के बाद बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। सुरक्षा एजेंसियां न्यायालय परिसर और आसपास के क्षेत्र की बारीकी से जांच कर रही हैं। हालांकि अब तक किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।

धमकी देने वाले की तलाश जारी

पुलिस प्रशासन का कहना है कि धमकी किसने और किस माध्यम से दी, इसकी जांच की जा रही है। साइबर और तकनीकी टीमों की मदद से भी सुराग जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।

फिलहाल पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri