Skip to content

जैन मंदिर की दानपेटी तोड़कर चोरी, जेल से छूटे युवक ने साथी के साथ दिया वारदात को अंजाम खरसिया पुलिस ने दोनों को दबोचा

खरसिया 7 मार्च 2026।खरसिया क्षेत्र में धार्मिक स्थल को निशाना बनाकर दानपेटी से रुपए चोरी करने वाले दो आरोपियों को खरसिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने कॉन्वेंट स्कूल के पास स्थित सामाजिक श्वेतांबर जैन मंदिर का ताला तोड़कर दानपेटी में रखी नगदी पार कर दी थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की नगदी और घटना में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड बरामद कर दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

मामले में सराफा लाइन वार्ड क्रमांक 11 खरसिया निवासी राजेन्द्र मेहता (64 वर्ष) ने 6 मार्च को पुलिस चौकी खरसिया में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि कॉन्वेंट स्कूल के बगल में स्थित सामाजिक श्वेतांबर जैन मंदिर में जब वे रोज की तरह सुबह पूजा करने पहुंचे तो मंदिर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाने पर देखा कि मंदिर में रखी दानपेटी का ताला भी टूटा हुआ था और उसमें रखे लगभग 5 से 6 हजार रुपये अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर लिए गए थे।

शिकायत मिलते ही पुलिस चौकी खरसिया ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपराध क्रमांक 93/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305 (ए) में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्र में पूछताछ, संदिग्धों की गतिविधियों की जानकारी और पुराने अपराधियों की निगरानी शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को मंदिर चोरी की घटनाओं में पहले भी संलिप्त रहे दो संदिग्धों पर शक हुआ। इसके बाद पुलिस ने देवा श्रीवास (19 वर्ष) पिता मनबोध श्रीवास, निवासी चन्दन तालाब खरसिया और मोनू चौहान उर्फ पेटला (19 वर्ष) पिता लक्ष्मण चौहान, निवासी खंतिपार खरसिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की। प्रारंभ में दोनों आरोपी पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करते रहे, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने मंदिर की दानपेटी तोड़कर चोरी करना स्वीकार कर लिया।

पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी देवा श्रीवास हाल ही में चोरी के एक अन्य मामले में जेल से जमानत पर छूटकर बाहर आया था। जेल से बाहर आते ही उसने अपने साथी मोनू चौहान उर्फ पेटला के साथ मिलकर मंदिर में चोरी की योजना बनाई और रात के समय मंदिर का ताला तोड़कर दानपेटी से रुपए निकाल लिए।

पुलिस ने आरोपी देवा श्रीवास के मेमोरेंडम पर उसके कब्जे से 900 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त छोटा लोहे का रॉड बरामद किया, जबकि आरोपी मोनू चौहान उर्फ पेटला के कब्जे से भी 900 रुपये नगद जब्त किए गए। बरामदगी के बाद दोनों आरोपियों को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक मनोज मरावी, आरक्षक साविल चंद्रा और मुकेश यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इस घटना को लेकर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि

“धार्मिक स्थलों में चोरी या इस प्रकार के अपराध करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में पुलिस द्वारा सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी और अपराधियों पर लगातार कड़ी नजर रखी जा रही है।”

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena