Skip to content

नवविवाहिता की रहस्यमयी मौत से सनसनी, गले पर निशान देख भड़के परिजन; ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप

गाड़ापाली गांव में संदिग्ध हालात में मिली नवविवाहिता की लाश

डभरा । थाना डभरा क्षेत्र के ग्राम गाड़ापाली में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है और पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

मई 2024 में हुई थी शादी, अचानक मौत से परिवार स्तब्ध

प्राप्त जानकारी के अनुसार गाड़ापाली निवासी रोहित यादव की पत्नी नीतू यादव की 4 मार्च की रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। नीतू का मायका पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम तुपकधार कठली में है। बताया जा रहा है कि नीतू के पिता बीसी केशन यादव ने अपनी बेटी का विवाह मई 2024 में रोहित यादव से किया था। शादी के बाद सब कुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन विवाह के करीब डेढ़ वर्ष के भीतर ही अचानक नीतू की मौत की खबर से मायके पक्ष स्तब्ध रह गया।

देर से दी गई सूचना, पहुंचने पर कमरे में मृत मिली बेटी

मृतका के परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने घटना की सूचना देर से दी और बताया कि नीतू की सामान्य मौत हुई है। सूचना मिलने के बाद जब मायके वाले गाड़ापाली पहुंचे तो उन्होंने नीतू को कमरे में मृत अवस्था में पाया। बेटी की अचानक मौत से परिवार में शोक के साथ-साथ आक्रोश का माहौल भी बन गया।

अंतिम संस्कार की तैयारी, चेहरा देखने से रोका गया

परिजनों का कहना है कि उन्हें रात में घटना की जानकारी नहीं दी गई और सुबह ही जल्दबाजी में शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी की जा रही थी। जब उन्होंने अपनी बेटी का चेहरा देखने की कोशिश की तो उन्हें रोक दिया गया। इसके बाद मायके पक्ष ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

पुलिस और तहसीलदार पहुंचे मौके पर, स्थिति संभाली

सूचना मिलते ही पुलिस टीम थाना प्रभारी के नेतृत्व में घटनास्थल पर पहुंची। साथ ही तहसीलदार और महिला पुलिस बल भी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस की मौजूदगी में परिजनों को मृतका का चेहरा देखने दिया गया।

गले पर निशान देख हत्या की आशंका गहराई

मायके पक्ष का आरोप है कि नीतू के गले और गर्दन के आसपास काले निशान और खरोंच के निशान दिखाई दे रहे थे, जिससे उन्हें हत्या की आशंका और गहरा गई। परिजनों ने मृतका के पति, सास और ससुर पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि घटना की रात उनकी बेटी से फोन पर बातचीत हुई थी, जिसके कुछ समय बाद ही उसकी मौत की खबर आई।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए डभरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena