Skip to content

खरसिया में पुलिस हिरासत के बाद युवक की मौत पर भड़का आक्रोश, तहसील कार्यालय के बाहर धरना; प्रशासनिक आश्वासन के बाद आंदोलन समाप्त

खरसिया: परसकोल गाँव के युवक रमेश लाल चौहान की पुलिस पूछताछ के बाद तबीयत बिगड़ने और अस्पताल में उपचार के दौरान हुई मौत को लेकर खरसिया क्षेत्र में भारी आक्रोश देखने को मिला। घटना की जानकारी सामने आते ही मृतक के परिजन, चौहान समाज के लोग और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक न्याय की मांग को लेकर सड़कों पर उतर आए।

मंगलवार दोपहर परिजनों और समाज के सैकड़ों लोगों ने मदनपुर बेरियर चौक से पैदल मार्च शुरू किया और नारेबाजी करते हुए तहसील एसडीएम कार्यालय तक पहुंचे। प्रदर्शनकारी तहसील कार्यालय के बाहर सड़क पर बैठ गए और “मृतक को न्याय दिलाओ” जैसे नारे लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। कई घंटों तक चले इस धरना-प्रदर्शन के कारण क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना रहा और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके। इस दौरान प्रशासन और आंदोलनकारियों के बीच लंबी चर्चा हुई, जिसके बाद कुछ महत्वपूर्ण निर्णयों पर सहमति बनी।

प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो पुलिसकर्मियों विशोप सिंह और योगेश साहू को लाइन अटैच करने का निर्णय लिया। साथ ही पूरे प्रकरण की न्यायिक मजिस्ट्रेट जांच कराने की घोषणा की गई। प्रशासन की ओर से यह भी बताया गया कि जांच प्रक्रिया पीड़ित पक्ष के पांच प्रतिनिधियों की उपस्थिति में कराई जाएगी, ताकि जांच पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से पूरी हो सके।

इसके अलावा मृतक के परिवार को राहत देने के उद्देश्य से पीड़ित की पत्नी को कलेक्टर दर पर आसपास के किसी भी सरकारी स्कूल में नौकरी देने का आश्वासन दिया गया। वहीं शासन-प्रशासन की ओर से तत्काल सहायता राशि उपलब्ध कराने पर भी सहमति बनी।

प्रशासन द्वारा इन मांगों को स्वीकार किए जाने और लिखित आश्वासन दिए जाने के बाद प्रदर्शनकारियों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया। हालांकि घटना को लेकर पूरे खरसिया क्षेत्र में संवेदनशीलता बनी हुई है और लोग अब न्यायिक जांच के निष्कर्ष का इंतजार कर रहे हैं।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena