Skip to content

“ऑपरेशन आघात” में रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 29 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, 17.65 लाख की संपत्ति जब्त

रायगढ़, 2 मार्च 2026।छत्तीसगढ पुलिस द्वारा मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत बड़ी सफलता मिली है। रायगढ़ पुलिस की थाना लैलूंगा एवं साइबर थाना की संयुक्त टीम ने उड़ीसा से कार में गांजा तस्करी कर ला रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 29 किलो गांजा, एक मारुति सुजुकी रिट्ज कार और दो मोबाइल फोन सहित कुल 17.65 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

फिल्म ‘पुष्पा’ की तर्ज पर मॉडिफाइड कार

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी फिल्म पुष्पा की तर्ज पर कार को मॉडिफाई कर दरवाजों और बैक लाइट में विशेष गुप्त चेंबर बनाकर गांजा छुपाकर ला रहे थे, ताकि पुलिस जांच से बचा जा सके।

लैलूंगा बॉर्डर पर घेराबंदी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में मादक पदार्थों पर पूर्ण अंकुश लगाने के उद्देश्य से अभियान चलाया जा रहा है। 1 मार्च 2026 को सूचना मिली कि चॉकलेट रंग की मारुति सुजुकी रिट्ज (CG-13-UG-9683) से दो व्यक्ति उड़ीसा से गांजा लेकर पाकरगांव (लैलूंगा) की ओर आ रहे हैं।

पुलिस टीम ने अटल चौक के पास घेराबंदी की। शाम करीब 6 बजे संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोपी कच्चे रास्ते की ओर भागने लगे। तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने वाहन को घेरकर रोक लिया।

गिरफ्तार आरोपी

श्रवण कुमार निषाद (34 वर्ष) निवासी कमरगा, थाना लैलूंगा 19.033 किलो गांजा (कीमत लगभग ₹9,50,000) सैमसंग मोबाइल (₹10,000) महेन्द्र प्रसाद चौहान (40 वर्ष) निवासी गमेकेला, थाना लैलूंगा 10.082 किलो गांजा (कीमत लगभग ₹5,00,000) विवो मोबाइल (₹5,000)

इसके अलावा गांजा परिवहन में प्रयुक्त रिट्ज कार (कीमत लगभग ₹3,00,000) भी जब्त की गई।

सप्लायर और सरगना पर भी केस

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि रामकुमार कुजूर निवासी महेशपुर, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर द्वारा प्रति 10 किलो गांजा पर ₹10,000 देने का लालच दिया गया था।

थाना लैलूंगा में अपराध क्रमांक 69/2026 धारा 20(B), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत तीनों आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपी रामकुमार कुजूर की तलाश जारी है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा-

“रायगढ़ जिले में मादक पदार्थों की तस्करी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त आरोपियों, सप्लायर और नेटवर्क से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

इस कार्रवाई में एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी, एसडीओपी धरमजयगढ़ श्री सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में थाना लैलूंगा एवं साइबर थाना की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

होली के मद्देनजर चौक-चौबंद व्यवस्था के बीच पुलिस की सतर्कता से यह बड़ी कार्रवाई संभव हो सकी, जिससे नशा तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena