Skip to content

Skardu में उग्र प्रदर्शन, UN कार्यालय को लगाई आग; कर्फ्यू लागू

पाकिस्तान के कब्जे वाले gilgitbaltistan के स्कर्दू शहर में ईरान के सर्वोच्च नेता खमनेई की मौत की खबर के बाद हालात अचानक बिगड़ गए। बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए और ईरान के समर्थन में रैली निकालते हुए अमेरिका विरोधी नारे लगाए। देखते ही देखते प्रदर्शन हिंसक हो गया और भीड़ ने संयुक्त राष्ट्र से जुड़े एक स्थानीय कार्यालय में आग लगा दी। कई अन्य सरकारी एवं निजी परिसरों को भी नुकसान पहुंचाने की सूचना है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार प्रदर्शनकारियों ने कुछ सुरक्षा प्रतिष्ठानों और प्रशासनिक दफ्तरों को निशाना बनाया। आगजनी के बाद शहर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कई इलाकों में धुएँ के गुबार देखे गए। स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख प्रशासन ने स्कर्दू में कर्फ्यू लागू कर दिया तथा अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। इंटरनेट सेवाओं पर आंशिक प्रतिबंध लगाए जाने की भी खबर है।

स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बहाल करने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं और उपद्रवियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। संवेदनशील माने जाने वाले इस शिया बहुल क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम का सीधा असर दिखा है, जिससे सुरक्षा एजेंसियाँ हाई अलर्ट पर हैं। प्रशासन ने नागरिकों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena