Skip to content

रायगढ़ में भीषण सड़क हादसा: हाईवा और ट्रेलर की आमने-सामने टक्कर, दो ड्राइवर जिंदा जले

घरघोड़ा-कुडुमकेला मार्ग पर दोपहर 1 बजे हुआ हादसा, इलाके में मचा हड़कंप

रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। घरघोड़ा से कुडुमकेला मार्ग पर कुरकुट नाला के पास तेज रफ्तार हाईवा और ट्रेलर के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कुछ ही मिनटों में दोनों वाहनों में आग लग गई और केबिन में फंसे दोनों ड्राइवरों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका।

चंद मिनटों में आग का गोला बने वाहन

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा करीब दोपहर 1 बजे हुआ। टक्कर के तुरंत बाद दोनों वाहनों से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन आग इतनी भयंकर थी कि किसी को बचाया नहीं जा सका।

एक ड्राइवर की जिंदा जलकर मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि दूसरे ड्राइवर की स्थिति आग पूरी तरह बुझने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस ने फिलहाल दूसरे चालक की मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

3 दमकल गाड़ियों से बुझाई गई आग

सूचना मिलते ही घरघोड़ा पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के लिए तीन दमकल वाहनों की मदद ली गई। थाना प्रभारी कुमार गौरव के अनुसार, हादसा कुरकुट नाला के पास हुआ है और आग बुझने के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

कई घंटों तक बाधित रहा मार्ग

हादसे के बाद रायगढ़-घरघोड़ा मार्ग पूरी तरह जाम हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। वाहनों से उठता धुआं दूर-दूर तक दिखाई देता रहा, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

तेज रफ्तार और ब्लैक स्पॉट की आशंका

स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे की मुख्य वजह हाईवा चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही हो सकती है। अचानक हुई टक्कर के कारण ट्रेलर चालक को संभलने का मौका नहीं मिला। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि यह स्थान पहले से ही “ब्लैक स्पॉट” के रूप में चिन्हित है और यहां पूर्व में भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। प्रशासन से क्षेत्र में सुरक्षा उपायों को सख्ती से लागू करने और ब्लैक स्पॉट पर ठोस कार्रवाई की मांग उठने लगी है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena