Skip to content

रायगढ़ जिला जेल में तड़के छापा-जांच: कलेक्टर-एसएसपी ने व्यवस्थाओं को परखा, बंदियों से किया सीधा संवाद

स्वच्छता, सुरक्षा, भोजन और चिकित्सा सुविधाओं की गहन समीक्षा – परिजनों से भी चर्चा, सुधार के निर्देश

रायगढ़। जिला जेल रायगढ़ में आज सुबह प्रशासनिक अमले की सक्रियता देखने को मिली। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी मयंक चतुर्वेदी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने संयुक्त रूप से आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान जेल परिसर की स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता, चिकित्सा सेवाओं तथा बंदियों को उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया गया।

अधिकारियों ने विभिन्न बैरकों का भ्रमण कर बंदियों से सीधे संवाद स्थापित किया और उनकी समस्याओं व सुझावों को गंभीरता से सुना। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, अधिवक्ता से मुलाकात की व्यवस्था तथा निःशुल्क कानूनी सहायता से जुड़े विषय प्रमुखता से उठे। कलेक्टर और एसएसपी ने सभी बिंदुओं पर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।

स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष फोकस

निरीक्षण के क्रम में पूर्व में आयोजित वृहद स्वास्थ्य शिविर की भी जानकारी ली गई। शिविर के दौरान नेत्र रोग से पीड़ित बंदियों को चश्मों का वितरण किया गया था। साथ ही अस्वस्थ बंदियों को फल वितरित कर स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील पहल का परिचय दिया गया। अधिकारियों ने चिकित्सा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित करने पर बल दिया।

परिजनों की मांग: मुलाकात व्यवस्था हो सरल

जेल परिसर में मौजूद बंदियों के परिजनों से भी चर्चा की गई। परिजनों ने मुलाकात प्रक्रिया को और सहज बनाने तथा प्रतीक्षा अवधि घटाने का आग्रह किया। इस पर अधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं और अधिक सुव्यवस्थित एवं सुचारू करने के निर्देश दिए।

“सुधारात्मक वातावरण हमारी प्राथमिकता”

कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप बंदियों के अधिकारों की रक्षा, सुधारात्मक वातावरण का निर्माण और मानवीय दृष्टिकोण अपनाना प्रशासन की प्राथमिकता है। वहीं एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सुरक्षा प्रबंधों को सतत सुदृढ़ रखने और निगरानी व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

निरीक्षण के अंत में जेल प्रशासन को निर्देशित किया गया कि सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित हों तथा नियमित समीक्षा की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इस अवसर पर जेल अधीक्षक गोवर्धन सिंह सोरी और एसडीएम महेश शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन की इस पहल को जेल सुधार और पारदर्शिता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena