Skip to content

रायगढ़ पुलिस की “ऑपरेशन तलाश” में बड़ी कामयाबी, हत्या और मारपीट के फरार आरोपी दबोचे गए

खरसिया और कोतवाली थानों ने फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा

रायगढ़, 27 फरवरी 2026: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ श्री शशि मोहन सिंह के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन तलाश” के तहत पुलिस ने लगातार प्रभावी कार्रवाई करते हुए हत्या और मारपीट के फरार आरोपियों को दबोचने में सफलता हासिल की है।

खरसिया पुलिस ने दबोचा युवक को जलाकर हत्या करने वाला आरोपी

चौकी खरसिया पुलिस ने मौहापाली में युवक शिव प्रसाद पटेल की मारपीट कर पेट्रोल डालकर हत्या करने वाले फरार आरोपी कृष्णा उर्फ गंगाराम सोनवानी (28 वर्ष, पुत्र छोटकू सोनवानी, निवासी मौहापाली भांटापारा) को उसके गांव के तालाब के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मृतक की मोटरसाइकिल, कपड़े और घटना में प्रयुक्त सामग्री जप्त की। घटना 16 फरवरी 2026 की है, जब पुरानी रंजिश के चलते आरोपी ने मृतक पर आग लगाई, जिससे उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हुई।

मुख्य आरोपी निलेश डेंजारे उर्फ निले को पहले ही पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

कोतवाली पुलिस ने दो फरार मारपीट आरोपियों को किया गिरफ्तार

कोतवाली पुलिस ने धांगरडीपा क्षेत्र में दर्ज दो अलग-अलग मारपीट के मामलों में फरार राजीव यादव उर्फ राजू (21 वर्ष, पुत्र गिरधारी यादव, केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड, रायगढ़) और आयुष यादव (19 वर्ष, पुत्र रमेश यादव, बैकुंठपुर राम मंदिर गली, रायगढ़) को गिरफ्तार किया।

पहला मामला विवाह कार्यक्रम के दौरान डीजे संचालक प्रिंस निषाद के साथ लकड़ी के बत्ता से मारपीट और धमकाने का है। दूसरा मामला रंजन यादव के साथ गाली-गलौज और मारपीट का है।

दोनों आरोपियों को थाना कोतवाली में धारा 296, 351(2), 115(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया।

एसएसपी शशि मोहन सिंह का कड़ा संदेश

“गुंडागर्दी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। होली पर्व को ध्यान में रखते हुए ‘ऑपरेशन तलाश’ के तहत फरार और आदतन आरोपियों की लगातार धरपकड़ कर सख्त वैधानिक कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा जाएगा।”

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena