Skip to content

महुआ बीनने गई 12 वर्षीय बालिका से छेड़छाड़ का प्रयास, आरोपी गिरफ्तार; एसएसपी का सख्त संदेश-अपराधियों को नहीं मिलेगी राहत

रायगढ़, 10 मार्च 2026।रायगढ़ जिले में महिलाओं और नाबालिगों के विरुद्ध अपराधों पर सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस ने एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस चौकी जोबी क्षेत्र में 12 वर्षीय बालिका से छेड़छाड़ के प्रयास के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 8 मार्च 2026 को एक स्थानीय ग्रामीण ने पुलिस चौकी जोबी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी 12 वर्षीय बेटी परिवार के अन्य सदस्यों के साथ जंगल में महुआ बीनने गई थी। सभी लोग अलग-अलग स्थानों पर महुआ बीन रहे थे। कुछ समय बाद जब घर लौटने के लिए बच्ची को ढूंढा गया तो वह आसपास नहीं मिली। परिजनों द्वारा आवाज लगाने पर वह कुछ दूरी पर खेत की झोपड़ी की दिशा से रोते हुए वापस आई।

बालिका ने परिजनों को बताया कि गांव का ही कृष्णा राठिया उसे गलत नीयत से पकड़कर जंगल की ओर ले जाने की कोशिश कर रहा था। बच्ची ने किसी तरह उसका हाथ छुड़ाकर वहां से भागकर अपनी जान बचाई और घटना की जानकारी परिजनों को दी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस चौकी जोबी में अपराध क्रमांक 101/2026 के तहत धारा 74 बीएनएस तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 8 के तहत मामला दर्ज किया गया। चौकी प्रभारी जोबी सहायक उप निरीक्षक लक्ष्मी राठौर ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी कृष्ण उर्फ कृष्ण कुमार राठिया (28 वर्ष), निवासी जोबी क्षेत्र, को हिरासत में ले लिया।

मामले की आगे की विवेचना चौकी प्रभारी खरसिया निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी द्वारा की गई। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश

इस मामले को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि रायगढ़ जिले में महिलाओं और नाबालिग बच्चियों के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या दुष्कर्म जैसी घटनाओं को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में पुलिस तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर कठोर कानूनी कार्रवाई करेगी।

उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे अपराध करने वालों को कानून के तहत सख्त सजा दिलाई जाएगी।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri