Skip to content

जेल में कैदियों के लिए लगा वित्तीय साक्षरता कैंप

बचत, निवेश और बीमा योजनाओं की दी गई जानकारी, पुनर्वास की दिशा में अहम पहल

रायगढ़, 26 फरवरी 2026। रायगढ़ जिला जेल में कैदियों को आर्थिक रूप से जागरूक और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। अग्रणी बैंक कार्यालय रायगढ़ की ओर से आयोजित वित्तीय साक्षरता शिविर में कैदियों को धन प्रबंधन से जुड़ी बारीकियां समझाई गईं।

बजट से लेकर निवेश तक की दी गई सीख

कैंप के दौरान प्रतिभागियों को बताया गया कि किस प्रकार सीमित संसाधनों में बजट बनाकर नियमित बचत की जा सकती है। साथ ही सुरक्षित निवेश, ऋण प्रबंधन, ब्याज दरों की समझ और जोखिम प्रबंधन जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। बैंक अधिकारियों ने सावधि जमा (एफडी) और आवर्ती जमा (आरडी) जैसे कम जोखिम वाले निवेश विकल्पों के फायदे बताए।

विशेषज्ञों ने सलाह दी कि कम से कम तीन माह के आवश्यक खर्च के बराबर राशि बचत खाते में सुरक्षित रखनी चाहिए और अतिरिक्त राशि को सावधि जमा में निवेश कर बेहतर रिटर्न प्राप्त किया जा सकता है।

नॉमिनी की अहमियत भी समझाई

कार्यक्रम में बैंक खातों में नामांकन (नॉमिनी) की सुविधा के महत्व पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि किसी आकस्मिक परिस्थिति में यह सुविधा परिवार के लिए आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करती है।

केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी

शिविर में केंद्र सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं-प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना , प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटलपेंशन योजना -की भी विस्तृत जानकारी दी गई। पात्र कैदियों को इन योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि रिहाई के बाद वे सामाजिक सुरक्षा के दायरे में आ सकें।

पुनर्वास की दिशा में सकारात्मक कदम

उप-जेल अधीक्षक श्री जी.एस. शोरी ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन कैदियों के पुनर्वास और उनके उज्ज्वल भविष्य निर्माण में सहायक साबित होंगे। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम में अग्रणी बैंक प्रबंधक श्री कमल किशोर सिंह, वित्तीय साक्षरता परामर्शदाता श्री राज कुमार शर्मा सहित जेल प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

(CMO Chhattisgarh | DPR Chhattisgarh)

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena