Skip to content

तमनार को मॉडल नगर पंचायत बनाने की तैयारी, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी का निरीक्षण

रायगढ़, 26 फरवरी 2026। जिले की सबसे नई नगरीय इकाई नगर पंचायत तमनार के सुदृढ़ संचालन और सुनियोजित विकास को लेकर कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने नगर पंचायत कार्यालय का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालयीन व्यवस्थाओं, वर्तमान कार्यप्रणाली और उपलब्ध मानव संसाधन की गहन समीक्षा की।

कलेक्टर ने शाखावार पदस्थ कर्मचारियों की संख्या और जिम्मेदारियों का आकलन करते हुए निर्देश दिए कि यदि अतिरिक्त मानव संसाधन की आवश्यकता हो तो उसका प्रस्ताव शीघ्र विभाग को भेजा जाए तथा उसकी प्रति कलेक्टर कार्यालय को भी उपलब्ध कराई जाए। इस संबंध में नव पदस्थ मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान नव मनोनीत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और पार्षदों ने सौजन्य भेंट कर तमनार के समग्र विकास हेतु मांग पत्र सौंपा। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि चरणबद्ध कार्ययोजना के माध्यम से तमनार को प्रदेश की अग्रणी और समृद्ध नगर पंचायत के रूप में विकसित किया जाएगा।

उन्होंने व्यवसायिक परिसर निर्माण, सुव्यवस्थित खेल मैदान, बाल उद्यान, बड़े गार्डन, आश्रम छात्रावास, स्कूल, आंगनबाड़ी भवन, सड़कों और प्रकाश व्यवस्था जैसे बुनियादी ढांचे को प्राथमिकता में रखते हुए ठोस प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उनका कहना था कि योजनाबद्ध विकास से ही नगर की अलग पहचान बनती है और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलती हैं।

स्वच्छता को विकास की पहली शर्त बताते हुए कलेक्टर ने नियमित साफ-सफाई, वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन और जनभागीदारी आधारित स्वच्छता अभियान चलाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुव्यवस्थित नगर ही प्रगतिशील समाज की पहचान होता है।

कलेक्टर ने अटल डिजिटल सुविधा केंद्र का भी अवलोकन किया और वहां उपलब्ध सेवाओं की जानकारी ली। नागरिकों को समयबद्ध और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश सीएमओ को दिए गए।

इस अवसर पर नगर पंचायत तमनार के अध्यक्ष अश्वनी कुमार पटनायक, पार्षद सुरेंद्र कुमार साव, योगेश गुप्ता, हेमलाल साव, घरघोड़ा के एसडीएम दुर्गा प्रसाद अधिकारी, तहसीलदार तथा जनपद सीईओ संजय चंद्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena