Skip to content

Raigarh: सगाई से लौट रही पिकअप खाई में गिरी, 2 की मौत… 20 से ज्यादा घायल

रायगढ़। रायगढ़ जिले में बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। तेज रफ्तार पिकअप अचानक बेकाबू होकर खाई में जा गिरी। हादसे में दो बुजुर्गों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए।

सगाई की खुशियां, रास्ते में काल बन गईं

घटना कापू थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, बंगुरसुता गांव से राठिया समाज के 25-30 लोग पिकअप में सवार होकर गोसाईपूड़ी गांव में रणविजय राठिया के घर सगाई कार्यक्रम में फलदान करने पहुंचे थे।

दिनभर कार्यक्रम में शामिल होने के बाद शाम करीब 7 बजे सभी लोग वापस लौट रहे थे। रात करीब 8 बजे मड़वाताल-जमरगा मार्ग पर अचानक पिकअप बेकाबू होकर खाई में पलट गई।

ब्रेक फेल की आशंका, ड्राइवर फरार

प्रारंभिक जानकारी में ब्रेक फेल होना हादसे की वजह बताया जा रहा है। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

इलाज के दौरान दो बुजुर्गों ने तोड़ा दम

कापू अस्पताल में इलाज के दौरान 60 वर्षीय कालाराम राठिया और 60 वर्षीय छतरसिंह राठिया की मौत हो गई। अन्य घायलों में नीरज राठिया, देवेंद्र, बालसिंह, रामकुमार, गाढ़ाराम राठिया, विपल राम राठिया, राशीराम राठिया, सुमेंद्र राठिया, विजय राठिया समेत करीब 20 लोग शामिल हैं।

कुछ घायलों के हाथ-पैर टूट गए हैं, जबकि कई के सिर में गंभीर चोट आई है। गंभीर रूप से घायल 8-10 लोगों को बेहतर इलाज के लिए रायगढ़ रेफर किया गया है।

चीख-पुकार के बीच चला राहत अभियान

पिकअप पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शवों का पंचनामा कर मॉर्चुरी में रखवा दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

जांच जारी

पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। ड्राइवर की तलाश की जा रही है, ताकि हादसे की असली वजह सामने आ सके।

एक बार फिर सवाल उठता है क्या ओवरलोडिंग और लापरवाही ने दो जिंदगियां छीन लीं?

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena