Skip to content

रायगढ़ में जनगणना 2027 की तैयारियाँ तेज

कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी बोले – प्रशिक्षण को गंभीरता से समझें, एक भी व्यक्ति न छूटे

रायगढ़, 24 फरवरी 2026। आगामी जनगणना-2027 के सफल क्रियान्वयन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियाँ तेज कर दी हैं। राज्य शासन के निर्देशानुसार कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) हेतु दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन कलेक्टोरेट सभाकक्ष में किया गया।

कलेक्टर ने जनगणना कार्य को राष्ट्रीय महत्व का दायित्व बताते हुए कहा कि यह केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि भविष्य की विकास योजनाओं की आधारशिला है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी अधिकारी-कर्मचारी प्रशिक्षण को गंभीरता से लें और मैदानी कार्य में पूर्ण सावधानी, पारदर्शिता एवं प्रतिबद्धता के साथ दायित्व निभाएँ।

उन्होंने कहा, “एक भी व्यक्ति या परिवार गणना से वंचित नहीं रहना चाहिए। अपूर्ण या त्रुटिपूर्ण आंकड़े विकास योजनाओं को प्रभावित कर सकते हैं।”

1 से 30 मई 2026 तक होगा मकान सूचीकरण

प्रशिक्षण में बताया गया कि जनगणना-2027 दो चरणों में संपन्न होगी—

🔹 प्रथम चरण: 1 से 30 मई 2026 तक मकान सूचीकरण (हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन), जिसमें प्रत्येक भवन एवं मकान का पूर्णतः डिजिटल माध्यम से सूचीकरण किया जाएगा।

🔹 द्वितीय चरण: जनसंख्या गणना, जिसमें प्रत्येक व्यक्ति की जनसांख्यिकीय एवं अन्य आवश्यक जानकारी संकलित की जाएगी।

इस बार पूरी प्रक्रिया जनगणना प्रबंधन पोर्टल एवं मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से डिजिटल रूप में संचालित होगी, जिससे डेटा की शुद्धता, पारदर्शिता और त्वरित विश्लेषण सुनिश्चित होगा।

तकनीकी व कानूनी पहलुओं पर विस्तृत प्रशिक्षण

राज्य मास्टर ट्रेनर अशोक मिश्रा, कैलाश चन्द्र पण्डा एवं शेष प्रसाद पण्डा ने जनगणना की प्रक्रियाओं, मैदानी क्रियान्वयन, तकनीकी पहलुओं एवं कानूनी प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी।

तहसीलवार सॉफ्ट फाइल जनगणना निदेशालय द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी, जिसमें प्रत्येक राजस्व ग्राम एवं नगरीय क्षेत्र को पूर्व सत्यापित मानचित्र के अनुरूप दर्शाया गया है। तहसील स्तर पर इन फाइलों की सूक्ष्म जांच कर आवश्यक संशोधन किए जाएंगे।

प्रशिक्षण में निम्न विषयों पर विशेष चर्चा हुई—

सपोर्टिव सुपरविजन स्व-गणना प्रक्रिया उत्तरदाता की भूमिका प्रगणक एवं पर्यवेक्षक के दायित्व डेटा नैतिकता, गोपनीयता एवं सुरक्षा मोबाइल एवं वेब एप से संबंधित समस्याओं का समाधान समय-सीमा का पालन जनशक्ति प्रबंधन एवं प्रचार-प्रसार गतिविधियाँ सीएमएमएस मॉड्यूल, उपयोगकर्ता पंजीकरण एवं एचएलओ प्रबंधन

इस अवसर पर अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी डॉ. प्रियंका वर्मा, जिला मास्टर ट्रेनर विकास रंजन, नगर निगम के अधिकारी, अनुविभागीय जनगणना अधिकारी एवं चार्ज अधिकारी उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे जनगणना कार्य में सहयोग करें और सही एवं सटीक जानकारी उपलब्ध कराएँ, ताकि विकास योजनाओं के लिए मजबूत आधार तैयार किया जा सके।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri