Skip to content

बिलासपुर: छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल में अजमल कसाब का जिक्र

बिलासपुर, छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से सोमवार को हड़कंप मच गया। यह धमकी एक संदिग्ध ईमेल के जरिए भेजी गई, जिसमें 26/11 हमले के दोषी अजमल कसाब का भी उल्लेख किया गया था।

सुनवाई रोकी गई, परिसर छावनी में तब्दील

धमकी मिलते ही एहतियातन हाईकोर्ट की सभी अदालतों में चल रही सुनवाई तत्काल प्रभाव से रोक दी गई। पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया। मुख्य प्रवेश द्वारों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और आम लोगों की आवाजाही सीमित कर दी गई।

डॉग स्क्वायड और बॉम्ब स्क्वायड की टीमों ने मौके पर पहुंचकर हाईकोर्ट परिसर की सघन तलाशी ली। अत्याधुनिक उपकरणों से हर कोने की जांच की गई।

वरिष्ठ अधिकारियों ने संभाला मोर्चा

जिले के एसएसपी रजनेश सिंह ने स्वयं पूरे सर्च ऑपरेशन की निगरानी की। एएसपी और सीएसपी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। सुरक्षा एजेंसियों ने कई घंटों तक तलाशी अभियान चलाया।

हालांकि, गहन जांच के बाद परिसर से कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। पुलिस अधिकारियों ने प्रारंभिक जांच के आधार पर स्पष्ट किया कि ईमेल में किए गए दावे केवल दहशत फैलाने की नीयत से प्रतीत होते हैं।

साइबर टीम जुटी, ईमेल स्रोत की पड़ताल

अब पुलिस की साइबर सेल संदिग्ध ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से यह पता लगाया जा रहा है कि ईमेल कहां से और किसने भेजा।

पुलिस ने कहा है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena