Skip to content

सारंगढ़ में पुतला दहन के दौरान हादसा, यूंका जिला अध्यक्ष शुभम बाजपेयी बुरी तरह झुलसे

सारंगढ़। सारंगढ़ के भारत माता चौक पर आयोजित पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। युवा कांग्रेस द्वारा प्रदेश अध्यक्ष उदय भानु की गिरफ्तारी के विरोध में प्रधानमंत्री Narendra मोदी का पुतला दहन किया जा रहा था। इसी दौरान आग अचानक भड़क उठी और जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष शुभम बाजपेयी उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुतले को लेकर पुलिस प्रशासन और युवा कार्यकर्ताओं के बीच झूमाझटकी की स्थिति बनी हुई थी। इसी बीच आग तेजी से फैली और शुभम बाजपेयी के चेहरे पर लपटें पहुंच गईं। आग लगते ही वे सड़क की ओर भागे, जहां एक वाहन से टकराकर गिर पड़े। मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने तत्परता दिखाते हुए पानी डालकर किसी तरह आग बुझाई।

घायल अवस्था में उन्हें तत्काल सारंगढ़ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें स्थानीय एसआरके (श्री राधा कृष्ण) हॉस्पिटल रेफर कर दिया। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक उनका चेहरा, कान और हाथ गंभीर रूप से झुलसे हैं और उपचार जारी है।

घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोंकझोंक भी हुई। एसआरके हॉस्पिटल में वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं, यूंका कार्यकर्ताओं और शहर के गणमान्य नागरिकों की भीड़ जुट गई। स्थानीय विधायक, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने दूरभाष के माध्यम से शुभम बाजपेयी के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

फिलहाल पुलिस प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri