Skip to content

छत्तीसगढ़ बजट 2026–27:‘रानी दुर्गावती योजना’ का ऐलान,18 साल की उम्र पर बेटियों को मिलेंगे ₹1.5 लाख

रायपुर, 24 फरवरी 2026। छतीसगढ़ की छतीसगढ़ विधानसभा में वित्त मंत्री ओ पी चौधरी ने वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए ₹1,72,000 करोड़ का अनुमानित बजट पेश किया। बजट में महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, बस्तर–सरगुजा विकास, औद्योगिक निवेश और बुनियादी ढांचे पर विशेष जोर दिया गया।

सबसे बड़ी घोषणा ‘रानी दुर्गावती योजना’ की रही, जिसके तहत राज्य की बेटियों को 18 वर्ष की आयु पूरी होने पर ₹1.5 लाख की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

रानी दुर्गावती योजना: बेटियों के भविष्य को सुरक्षा

वित्त मंत्री ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य बालिकाओं के शिक्षा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है।

18 वर्ष पूर्ण होने पर पात्र बालिकाओं को ₹1,50,000 की राशि। राशि सीधे हितग्राही के खाते में स्थानांतरित की जाएगी। योजना से बालिका शिक्षा, उच्च अध्ययन और स्वरोजगार को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद।

सरकार का कहना है कि यह योजना राज्य में लैंगिक समानता और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करेगी।

पर्यटन विकास: मैनपाट को बढ़ावा

वित्त मंत्री ने कहा कि मैनपाट के पर्यटन विकास के लिए ₹5 करोड़ का प्रावधान किया गया है।

इससे स्थानीय रोजगार, होटल उद्योग और पर्यटन आधारित व्यवसायों को गति मिलेगी।

शिक्षा के लिए बड़ा प्रावधान

अबूझमाड़ और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी निर्माण के लिए ₹100 करोड़। उच्च शिक्षा, तकनीकी प्रशिक्षण और कौशल विकास केंद्र स्थापित होंगे।

यह पहल बस्तर क्षेत्र में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

बस्तर का कायाकल्प: सिंचाई परियोजनाएं

इंद्रावती नदी पर मटनार और देउरगांव बैराज निर्माण के लिए ₹2,024 करोड़ का प्रावधान। इससे सिंचाई क्षमता बढ़ेगी और कृषि उत्पादन को लाभ मिलेगा।

औद्योगिक विकास को बढ़ावा

औद्योगिक विकास के लिए ₹100 करोड़ का प्रावधान। निवेशकों को अनुदान हेतु अतिरिक्त ₹100 करोड़। राइस मिल, पोल्ट्री फार्म और एग्रो-फॉरेस्ट प्रोसेसिंग उद्योगों को बढ़ावा।

सरकार का दावा है कि इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन होगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।

स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार

कुनकुरी मनेंद्रगढ़ और दंतेवाड़ा में मेडिकल कॉलेज संचालन के लिए ₹50 करोड़। बस्तर और सरगुजा में डॉक्टरों की भर्ती। दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण की योजना।

सड़क और परिवहन कनेक्टिविटी

बस्तर–सरगुजा के बीच बस सेवा सुधार के लिए ₹10 करोड़। सड़क नेटवर्क विस्तार और कनेक्टिविटी मजबूत करने का प्रावधान। राज्य में नई रेलवे लाइनों के विकास की घोषणा, जिससे माल व यात्री परिवहन को बढ़ावा मिलेगा।

बजट का समग्र संदेश

इस बजट में सरकार ने महिला सशक्तिकरण, आदिवासी क्षेत्रों का विकास, औद्योगिक निवेश, शिक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता दी है।

‘रानी दुर्गावती योजना’ को बजट की सबसे जन-केन्द्रित पहल माना जा रहा है, जो राज्य की बेटियों के भविष्य को आर्थिक सुरक्षा देने की दिशा में बड़ा कदम है।

आने वाले दिनों में विधानसभा में अनुदान मांगों और योजनाओं की विस्तृत चर्चा के बाद इन घोषणाओं के क्रियान्वयन की रूपरेखा स्पष्ट होगी।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri