Skip to content

लखनऊ ‘नीला ड्रम कांड’: बीबीए छात्र ने पिता की हत्या कर शव के टुकड़े किए, बहन को 4 दिन घर में रखा बंद

लखनऊ। लखनऊ के आशियाना क्षेत्र (सेक्टर एल-91) में रिश्तों को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। 21 वर्षीय अक्षत प्रताप सिंह ने अपने पिता, शराब कारोबारी व पैथोलॉजी संचालक मानवेंद्र सिंह (49) की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद शव के टुकड़े कर हाथ-पैर अलग-अलग ठिकाने लगा दिए, जबकि सिर सहित धड़ घर के भीतर एक नीले ड्रम में बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में मामला दर्ज किया है।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के अनुसार 20 फरवरी की तड़के करीब 4:30 बजे पिता-पुत्र के बीच नीट परीक्षा की तैयारी को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि अक्षत ने लाइसेंसी राइफल से पिता को गोली मार दी। घटना के वक्त छोटी बहन कृति घर में थी। गोली की आवाज सुनकर वह कमरे में पहुंची तो पिता का शव देखकर सन्न रह गई। आरोप है कि अक्षत ने उसे जान से मारने की धमकी देकर चुप कराया और चार दिन तक घर में बंद रखा।

शव के टुकड़े कर रचा गुमराह करने का प्लान

जांच में सामने आया कि आरोपी ने पहले शव को कार से ठिकाने लगाने की कोशिश की, लेकिन सफल न होने पर आरी लाकर शव के टुकड़े किए। हाथ-पैर पारा के सदरौना इलाके में फेंके गए, जबकि धड़ नीले ड्रम में घर के भीतर रखा मिला। 21 फरवरी को गुमशुदगी की शिकायत भी खुद अक्षत ने ही दर्ज कराई, ताकि शक न हो।

पड़ोसियों की सतर्कता से खुलासा

सीसीटीवी फुटेज में 19 फरवरी की रात मानवेंद्र सिंह को घर में प्रवेश करते देखा गया, पर उसके बाद वे बाहर नहीं निकले। फुटेज में अक्षत कार ले जाते दिखा। संदेह गहराने पर पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पूछताछ में मामला खुला।

परिवारिक पृष्ठभूमि

मानवेंद्र सिंह सालेहनगर व बुद्धेश्वर में ‘वर्धमान’ नाम से पैथोलॉजी संचालित करते थे। उनकी पत्नी का 2017 में निधन हो चुका है। पिता सुरेंद्र पाल सिंह सेवानिवृत्त दरोगा हैं। आरोपी अक्षत टी एस मिश्रा कॉलेज से बीबीए का छात्र है, जबकि बहन कृति इंटरमीडिएट की छात्रा है।

‘नीला ड्रम’ फिर चर्चा में

इस मामले के बाद ‘नीला ड्रम’ शब्द फिर सुर्खियों में है। इससे पहले मेरठ के ब्रह्मपुरी क्षेत्र में हुए चर्चित सौरभ हत्याकांड में भी शव को ठिकाने लगाने की कोशिशों के कारण यह शब्द चर्चा में आया था।

पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। बहन की काउंसिलिंग कराई गई है। यह घटना पारिवारिक संवादहीनता, मानसिक दबाव और हिंसक प्रतिक्रिया के खतरनाक परिणामों की भयावह मिसाल बनकर सामने आई है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri