Skip to content

कुट्टू का आटा बना ‘जहर’: एक ही परिवार के 6 लोग बीमार, वृद्धा की हालत गंभीर

मोदीनगर । मोदीनगर के रोरी गांव में नवरात्र के दौरान कुट्टू के आटे से बना भोजन एक परिवार पर भारी पड़ गया। राहुल शर्मा के परिवार के छह सदस्य राहुल, उनकी मां ललिता शर्मा, पत्नी रेनू शर्मा, भाई संदीप शर्मा और दो बच्चे भोजन के कुछ ही घंटों बाद फूड पॉइजनिंग जैसे लक्षणों का शिकार हो गए। अचानक उल्टी, पेट दर्द और चक्कर आने से घर में हड़कंप मच गया।

परिवार के अनुसार, कुट्टू का आटा गांव की एक दुकान से खरीदा गया था, जिससे व्रत का भोजन तैयार किया गया। खाना खाने के करीब दो घंटे बाद सभी की तबीयत बिगड़ने लगी। सबसे ज्यादा हालत वृद्धा ललिता शर्मा और बच्चों की खराब हुई, ललिता को कपकपी भी आने लगी। पड़ोसियों की मदद से तुरंत चिकित्सक को बुलाया गया, जिसके बाद सभी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

प्राथमिक उपचार के बाद अधिकांश लोगों को छुट्टी दे दी गई, लेकिन ललिता शर्मा की हालत अब भी चिंताजनक बनी हुई है। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग को जांच के निर्देश दिए हैं और कुट्टू के आटे के सैंपल जांच के लिए भेजे जाएंगे। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है और व्रत में इस्तेमाल होने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri