Skip to content

सारंगढ़ के झाल में तिहरा हत्याकांड: जमीन विवाद में पड़ोसी बना जल्लाद, 3 साल की मासूम समेत तीन की हत्या

सारंगढ़-बिलाईगढ़। सारंगढ़ जिले के डोंगरीपाली थाना क्षेत्र अंतर्गत झाल गांव में सोमवार आधी रात एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। जमीन विवाद की रंजिश में एक युवक ने पड़ोसी सारथी परिवार पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस खूनी हमले में 3 साल की मासूम बच्ची समेत तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हैं।

आधी रात सोते परिवार पर हमला

ग्रामीणों के अनुसार, सारथी परिवार और आरोपी के बीच पिछले दो वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार रात भी दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी। बताया जाता है कि इसी रंजिश में आरोपी आधी रात कुल्हाड़ी लेकर घर में घुसा और सो रहे परिवार पर अंधाधुंध वार करने लगा। हमले की क्रूरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 3 साल की मासूम बच्ची को भी नहीं बख्शा गया।

इनकी हुई मौत

खूनी हमले में:

65 वर्षीय बुजुर्ग महिला 40 वर्षीय अधेड़ पुरुष 3 वर्षीय मासूम बच्ची

की मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं मासूम की माँ और दादा गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

पूरे परिवार को खत्म करने की थी मंशा

ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी का इरादा पूरे परिवार का सफाया करने का था। शोर सुनकर जब गांव के लोग जागे और हल्ला मचाया, तब जाकर आरोपी मौके से भागने की कोशिश में पकड़ा गया। यदि समय रहते ग्रामीण नहीं जागते, तो यह वारदात और भी भयावह रूप ले सकती थी।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वरिष्ठ अधिकारी भी हालात का जायजा लेने पहुंचे। मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और हत्या समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

घटना के बाद गांव में दहशत, मातम और आक्रोश का माहौल है। जमीन विवाद जैसी पुरानी रंजिश का यह खूनी अंजाम पूरे क्षेत्र को झकझोर गया है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena