Skip to content

कोरबा हादसा: केंदई झरना के पास भीषण टक्कर, ट्रेलर से कूदकर बचा चालक, सीमेंट गाड़ी चालक जिंदा जला

कोरबा। कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत मोरगा चौकी के पास नेशनल हाईवे पर केंदई झरना के समीप मंगलवार सुबह करीब 8 बजे कोयला लदे ट्रेलर और सीमेंट से भरी गाड़ी में आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई। तेज रफ्तार और मोड़ पर नियंत्रण खोने के कारण हुए इस हादसे में दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कोयला लोड ट्रेलर कोरबा की ओर से आ रहा था, जबकि सीमेंट लदा वाहन अंबिकापुर की दिशा से पहुंच रहा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि कुछ ही पलों में दोनों वाहनों की केबिन और बॉडी आग की लपटों में घिर गई।

कोयला ट्रेलर का चालक समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहा, लेकिन सीमेंट गाड़ी का चालक केबिन में ही फंस गया और जिंदा जलने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

सूचना मिलते ही मोरगा चौकी प्रभारी मंगतूराम मरकाम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। दमकल विभाग को तत्काल सूचना दी गई, लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि सूचना देने के डेढ़ घंटे बाद तक दमकल वाहन नहीं पहुंच सका, तब तक दोनों वाहन धू-धू कर जलते रहे। आग की लपटें और काला धुआं दूर तक दिखाई देता रहा।

पुलिस ने बताया कि एक चालक की मृत्यु हुई है। वाहन मालिकों को सूचना दे दी गई है और आगे की जांच कार्रवाई जारी है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena