Skip to content

बरभौना जंगल में पुलिस की छापेमारी, अवैध महुआ शराब की भट्ठी नष्ट

रायगढ़।‘ऑपरेशन आघात’ के तहत बरभौना के जंगल क्षेत्र में थाना छाल पुलिस ने छापेमार कार्रवाई कर अवैध महुआ शराब निर्माण की भट्ठी को नष्ट कर दिया। कार्रवाई थाना प्रभारी छाल निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में की गई।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बरभौना के बाहरी जंगल क्षेत्र में भट्ठी बनाकर अवैध महुआ शराब तैयार की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। पुलिस को देखते ही अवैध शराब निर्माण में संलिप्त व्यक्ति जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए।

मौके के निरीक्षण में बड़ी मात्रा में महुआ पास (कच्चा माल) बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने तत्काल नष्ट कर दिया, जिससे अवैध शराब निर्माण की प्रक्रिया पर रोक लगाई जा सकी।

गौरतलब है कि हाल ही में थाना प्रभारी द्वारा छाल बस्ती में जन चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों को अवैध शराब बनाने और बेचने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई थी। साथ ही ग्रामीणों को ऐसे असामाजिक तत्वों की सूचना पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया था। ग्रामीणों से मिली सूचना के आधार पर की गई इस त्वरित कार्रवाई को पुलिस ने जनसहयोग का परिणाम बताया है।

पुलिस द्वारा गांव में मुनादी कराकर पुनः चेतावनी दी गई है कि अवैध शराब बनाने और बेचने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena