Skip to content

शादी समारोह के भोजन के बाद बिगड़ी तबीयत, गरियाबंद में दो गांवों के 44 ग्रामीण बीमार

गरियाबंद । जिले में एक शादी समारोह के बाद सामूहिक रूप से ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। फूड पॉयजनिंग की आशंका में दो ग्राम पंचायतों के कुल 44 ग्रामीण बीमार हो गए, जिनका इलाज स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में किया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, ग्रामीण एक शादी के चौथिया कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम में भोजन करने के बाद जब वे अपने-अपने गांव लौटे, तो कई लोगों को उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायत शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों गांवों में बीमारों की संख्या बढ़ गई।

बताया गया है कि ग्राम पंचायत आमदी (द) के आश्रित मोहलाई के 17 ग्रामीण और ग्राम पंचायत दर्रीपारा के बोइरगांव के 27 ग्रामीण प्रभावित हुए हैं। इस तरह कुल 44 लोग फूड पॉयजनिंग के शिकार बताए जा रहे हैं।

मामले की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम सक्रिय हो गई। उपस्वास्थ्य केंद्र कोसमी में तत्काल स्वास्थ्य शिविर लगाकर सभी मरीजों का इलाज शुरू किया गया। प्राथमिक उपचार के साथ आवश्यक दवाइयां दी जा रही हैं और मरीजों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

सीएमओ डॉ. वी.एस. नवरत्न के अनुसार, सूचना मिलते ही डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों का दल कोसमी सेक्टर में तैनात किया गया है। अब तक 40 से अधिक मरीजों का उपचार किया जा चुका है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीम प्रभावित गांवों में भोजन के नमूने और पानी की गुणवत्ता की जांच भी कर रही है, ताकि फूड पॉयजनिंग के कारणों का पता लगाया जा सके।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena