Skip to content

नेपाल बस हादसा: नेपाल के धादिंग में बस त्रिशूली नदी में गिरी, 18 की मौत

धादिंग जिला में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक यात्री घायल हो गए। जानकारी के अनुसार पोखरा से काठमांडू जा रही यात्री बस पृथ्वी राजमार्ग पर अनियंत्रित होकर त्रिशूली नदी में जा गिरी। घटना भारतीय समयानुसार रात लगभग एक बजे चिनाधारा क्षेत्र के पास हुई।

बस में 40–45 यात्री, विदेशी पर्यटक भी सवार

बस में लगभग 40 से 45 यात्री सवार थे, जिनमें कुछ विदेशी पर्यटक भी शामिल बताए जा रहे हैं। मृतकों में छह महिलाएं और 11 पुरुष शामिल हैं। घायलों की संख्या 25 से 27 के बीच बताई जा रही है, जिनमें आठ महिलाएं, 18 पुरुष और एक नाबालिग लड़की शामिल है। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

कैसे हुआ हादसा?

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बेनीघाट रोरांग ग्रामीण नगरपालिका-5 के भैसेपाटी क्षेत्र के पास बस अचानक अनियंत्रित हो गई। वाहन सड़क से फिसलकर लगभग 300 मीटर नीचे ढलान से होते हुए नदी किनारे जा गिरा। बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त अवस्था में मिली। पुलिस ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच जारी है। चालक द्वारा नियंत्रण खोने, सड़क की खराब स्थिति या क्षमता से अधिक सवारियों की संभावना की जांच की जा रही है।

रात में राहत कार्य बना चुनौती

रात के अंधेरे और तेज बहाव के कारण बचाव कार्य में कठिनाई आई। नेपाली सेना, सशस्त्र पुलिस बल, नेपाल पुलिस और स्थानीय लोग संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य में जुटे। हाईवे रेस्क्यू मैनेजमेंट समिति के अध्यक्ष राजकुमार ठाकुरी ने बताया कि प्राथमिकता घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की रही। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है और विस्तृत जांच जारी है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena