Skip to content

खनिज प्रभावित वनांचल क्षेत्रों में शिक्षा-स्वास्थ्य ढांचे को मिलेगा नया आधार-कलेक्टर

रायगढ़, 22 फरवरी 2026।

खनिज उत्खनन से प्रभावित धरमजयगढ़ विकासखंड के सुदूर वनांचल क्षेत्रों में शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। रायगढ़ जिले के कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने ग्राम पुरुंगा एवं खड़गांव का दौरा कर आदिमजाति विकास विभाग द्वारा संचालित शासकीय प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास भवनों की जर्जर स्थिति का निरीक्षण किया। निरीक्षण उपरांत उन्होंने नवीन छात्रावास भवन निर्माण हेतु कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

1.60-1.60 करोड़ की लागत से बनेंगे नए छात्रावास

एक प्रारंभिक आकलन के अनुसार, डीएमएफ (जिला खनिज न्यास निधि) मद से प्रत्येक छात्रावास भवन के निर्माण पर लगभग 1 करोड़ 60 लाख रुपए व्यय किए जाएंगे। तकनीकी टीम द्वारा वर्तमान भवनों का विस्तृत परीक्षण कर आवश्यक स्वीकृतियाँ प्रदान की जाएंगी, जिसके बाद निर्माण कार्य प्रारंभ होगा। कलेक्टर ने यह भी निर्देशित किया कि नए भवन बनने तक छात्राओं की सुरक्षा और सुचारू संचालन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

खेल, पुस्तकालय और समग्र विकास पर जोर

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने छात्रावासों में अध्ययन के साथ-साथ खेलकूद गतिविधियों को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया। छात्राओं की रुचि अनुसार खेल सामग्री उपलब्ध कराने तथा मानसिक एवं बौद्धिक विकास के लिए सुसज्जित लाइब्रेरी विकसित करने के निर्देश दिए गए। पाठ्यक्रम आधारित पुस्तकों के साथ समसामयिक विषयों की पत्र-पत्रिकाएं नियमित रूप से उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।

खनिज प्रभावित क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाएं प्राथमिकता

ग्रामीणों से संवाद के दौरान कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि खनिज प्रभावित क्षेत्रों में स्कूल, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, पंचायत व्यवस्था एवं पीडीएस जैसी बुनियादी सुविधाओं का सुदृढ़ क्रियान्वयन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों से भी चर्चा कर जमीनी स्थिति की जानकारी ली तथा जनप्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि मांगों का निराकरण चरणबद्ध प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान धरमजयगढ़ एसडीएम श्री प्रवीण भगत, कृषि एसडीओ प्रभास शंकर सिंह, तहसीलदार लोमस मिरी, जनपद सीईओ, संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena