Skip to content

रायगढ़ में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे पर ताबड़तोड़ कार्रवाई, अफगानिस्तान बनाम कनाडा मैच पर बॉल-टू-बॉल सट्टा नोट करते आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़, 21 फरवरी।

छतीसगढ़ पुलिस द्वारा जिले में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के विरुद्ध सख्त अभियान लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह के निर्देशन में चक्रधरनगर थाना और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अफगानिस्तान बनाम कनाडा टी20 विश्व कप मैच पर बॉल-टू-बॉल सट्टा संचालित कर रहे एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

📍 जमुनाईन चौक से दबिश

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चक्रधरनगर क्षेत्र के जमुनाईन चौक स्थित “अजय कोल्ड्रिंक्स एंड पान सेंटर” में हेमंत बत्रा नामक युवक मोबाइल के माध्यम से मैच पर ऑनलाइन हार-जीत का दांव लगवा रहा है। सूचना मिलते ही साइबर थाना और चक्रधरनगर थाना की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी।

दबिश के दौरान आरोपी दुकान में बैठकर दो मोबाइल फोन से लाइव मैच पर सट्टा संचालित करते पाया गया।

📱 दो एप्पल मोबाइल और नकद जब्त

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से—

एक Apple iPhone 13 Pro एक Apple iPhone 12 नगद ₹2,000 (अन्य डिजिटल लेनदेन सहित कुल लगभग ₹52,000 की संलिप्तता)

बरामद किए।

मोबाइल की जांच में क्रिकेट सट्टा वेबसाइट JMDBET.com पर सक्रिय आईडी संचालित होना पाया गया।

💳 UPI से लेनदेन, मुख्य खाईवाल के लिए काम

पूछताछ में आरोपी हेमंत बत्रा (24 वर्ष), निवासी सिंधी कॉलोनी कच्ची खोली, थाना चक्रधरनगर, रायगढ़ ने सट्टा संचालित करने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि वह हिमालया हाईट्स निवासी रोहित अग्रवाल के साथ मिलकर यह काम कर रहा था।

सट्टे की राशि UPI माध्यम से प्राप्त की जाती थी और पूरा लेनदेन रायगढ़ निवासी मुख्य खाईवाल “मन्नु” के लिए किया जाता था।

⚖️ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

प्रकरण में अन्य आरोपी रोहित अग्रवाल और मन्नु फरार हैं। उनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

🔎 डिजिटल साक्ष्यों से सिंडिकेट की कड़ियाँ खंगाल रही पुलिस

जांच टीम जब्त मोबाइल और डिजिटल ट्रांजैक्शन के आधार पर पूरे सट्टा नेटवर्क की कड़ियाँ जोड़ने में जुटी है। पुलिस का मानना है कि यह स्थानीय स्तर से जुड़ा एक संगठित ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट हो सकता है।

🚨 एसएसपी का सख्त संदेश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट चेतावनी दी है-

“ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।”

इस कार्रवाई में एडिशनल एसपी अनिल सोनी, नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में साइबर थाना के एएसआई नंदू सारथी, प्रधान आरक्षक संजय तिवारी एवं प्रधान आरक्षक कारुणेश राय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena