Skip to content

अंबिकापुर:स्टेट हाईवे जाम कर मनाया बर्थडे, सात आरोपी गिरफ्तार

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में स्टेट हाईवे पर वाहन खड़ा कर जन्मदिन मनाना युवकों को महंगा पड़ गया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, 16 फरवरी की रात करीब 10 से 11 बजे के बीच अंबिकापुर-बनारस मार्ग पर सोनवाही स्थित आरव रेस्टोरेंट के सामने कुछ युवकों ने सड़क पर वाहन खड़ा कर यातायात बाधित कर दिया। इस दौरान आतिशबाजी भी की गई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया।

पुलिस ने गठित की दो टीमें

डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की दो टीमों का गठन किया गया। टीमों ने संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में अमितेश गुप्ता उर्फ जानू (24), अंशुल अग्रवाल (25), प्रथम अग्रवाल (24), शुभम अग्रवाल (23), महेश साहू (27), निखिल रामा (26) और अरुण देवांगन (39) शामिल हैं। सभी आरोपी अंबिकापुर और आसपास के क्षेत्रों के निवासी हैं।

विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज

चौकी लटोरी, थाना जयनगर पुलिस ने पहले ही इस मामले में अपराध क्रमांक 54/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 285 और 126(2) में मामला दर्ज किया था। जांच के दौरान सार्वजनिक स्थान पर खतरनाक तरीके से बाधा उत्पन्न करने, सड़क पर वाहन खड़ा कर यातायात प्रभावित करने और पटाखे फोड़ने के आरोप में धारा 287, 288 बीएनएस तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 और 201 भी जोड़ी गई।

पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर दो चारपहिया वाहनों को जब्त किया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena