Skip to content

कांकेर का आईटीबीपी जवान उत्तर प्रदेश से लापता, 17 दिन बाद भी नहीं मिला सुराग

कांकेर। जिले के चारामा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कसावाही निवासी आईटीबीपी जवान विनोद कुमार गोटी पिछले 17 दिनों से लापता हैं। जवान के अचानक संपर्क टूटने से परिवार गहरे सदमे में है और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन लगातार प्रशासन से मदद की गुहार लगा रहे हैं।

परिजनों के अनुसार, 7 फरवरी की रात करीब 10 बजे विनोद कुमार गोटी ने फोन कर बताया था कि वे छुट्टी लेकर लुधियाना से अपने गांव लौट रहे हैं। उन्होंने रायपुर तक लेने आने के लिए भी कहा था। इसके बाद से उनका मोबाइल फोन बंद आने लगा।

परिवार ने जब दोबारा संपर्क करने की कोशिश की तो एक बार कॉल रिसीव हुआ, लेकिन फोन उत्तर प्रदेश के गोरखपुर रेलवे पुलिस ने उठाया। पुलिस ने बताया कि जवान का सामान गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर मिला है। यह सुनकर परिजन तत्काल गोरखपुर पहुंचे, मगर वहां भी उन्हें कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी।

छुट्टी पर निकले जवान 20 फरवरी तक अपने घर नहीं पहुंचे। परिजन लगातार उनकी तलाश में जुटे हैं। स्थानीय पुलिस और संबंधित एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

जवान के लापता होने से गांव में भी चिंता का माहौल है। परिवार ने प्रशासन से अपील की है कि खोजबीन तेज की जाए और जवान को सुरक्षित घर लौटाया जाए।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri