Skip to content

मौहापाली हत्याकांड का खुलासा: खरसिया पुलिस ने मुख्य आरोपी को रायगढ़ से दबोचा, दूसरा अब भी फरार

रायगढ़, 21 फरवरी। मौहापाली (खरसिया) में युवक शिव प्रसाद पटेल की बेरहमी से मारपीट कर आग से जलाकर हत्या किए जाने के सनसनीखेज मामले का खरसिया पुलिस ने खुलासा कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी निलेश डेंजारे उर्फ निले को रायगढ़ से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं वारदात में शामिल दूसरा आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

घटना की पूरी कहानी

जानकारी के अनुसार, चपले निवासी शिव प्रसाद पटेल (36 वर्ष) 16 फरवरी को अपने मामा के घर मौहापाली आया हुआ था। रात में वह घर से निकला और कुछ देर बाद गांव की गली में गंभीर रूप से घायल अवस्था में पाया गया। उसके शरीर पर मारपीट और जलने के गहरे निशान थे। परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल उसे खरसिया अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए रायगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। उपचार के दौरान 17 फरवरी को उसकी मौत हो गई।

मामले की सूचना पर प्रारंभ में थाना चक्रधरनगर में जीरो पर मर्ग कायम किया गया, जिसे बाद में खरसिया थाना को भेजा गया।

CCTV फुटेज से खुला राज

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज में मृतक को निलेश डेंजारे उर्फ निले और कृष्णा सोनवानी उर्फ गंगाराम के साथ अंतिम बार देखा गया। इसके बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर निलेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

आरोपी का कबूलनामा

पूछताछ में निलेश डेंजारे ने बताया कि 16 फरवरी की रात वह अपने साथी कृष्णा सोनवानी और मृतक शिव प्रसाद के साथ बैठकर खाना-पीना कर रहा था। इसी दौरान मृतक द्वारा उसके पिता की पूर्व मृत्यु को लेकर की गई टिप्पणी से वह आक्रोशित हो गया। बात बढ़ने पर दोनों आरोपियों ने मिलकर शिव प्रसाद के साथ हाथ-मुक्कों और ईंट से बेरहमी से मारपीट की।

वारदात के बाद निलेश अपनी मोटरसाइकिल से फरार हो गया, जबकि कृष्णा सोनवानी मृतक की बाइक लेकर भाग निकला। आरोपी ने घटना के बाद घायल शिव प्रसाद का अपने मोबाइल से वीडियो भी बनाया था।

बरामदगी और कानूनी कार्रवाई

आरोपी के मेमोरेंडम पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ईंट, आरोपी के कपड़े, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। निलेश डेंजारे (25 वर्ष) निवासी मौहापाली चौक खरसिया के खिलाफ अपराध क्रमांक 66/2026 के तहत धारा 103(1), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

एसएसपी का सख्त संदेश

एसएसपी शशिमोहन सिंह ने स्पष्ट कहा है कि हत्या जैसे जघन्य अपराध करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित कर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई में एडिशनल एसपी अनिल सोनी, एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में निरीक्षक अमित तिवारी, प्रधान आरक्षक मनोज मरावी तथा आरक्षक साविल चंद्रा और डमरूधर पटेल की विशेष भूमिका रही।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena