Skip to content

राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 22 फरवरी को, दो घंटे पहले पहुंचना अनिवार्य

15 मिनट पूर्व बंद होंगे केंद्रों के मुख्य द्वार, 14 केंद्रों पर 3515 अभ्यर्थी होंगे शामिल

रायगढ़, 20 फरवरी 2026। छतीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन 22 फरवरी को दो पालियों में किया जाएगा। रायगढ़ जिले में परीक्षा के लिए कुल 14 केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहां 3515 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। परीक्षा को पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने विस्तृत तैयारियां पूरी कर ली हैं।

दो घंटे पूर्व केंद्र पहुंचना होगा अनिवार्य

जिला कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार आयोजित ब्रीफिंग सत्र में नोडल अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर श्री धनराज मरकाम ने स्पष्ट किया कि सभी परीक्षार्थियों को प्रत्येक पाली प्रारंभ होने से कम से कम दो घंटे पूर्व परीक्षा केंद्र में उपस्थित होना अनिवार्य होगा। परीक्षा प्रारंभ होने के 15 मिनट पूर्व केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा, जिसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।

व्यवस्थाओं पर विशेष जोर

प्रशासन ने सभी केंद्रों में पर्याप्त एवं स्वच्छ पेयजल, महिला एवं पुरुष अभ्यर्थियों के लिए पृथक शौचालय, वाहनों की समुचित पार्किंग तथा अभ्यर्थियों की सामग्री सुरक्षित रखने हेतु कर्मियों की नियुक्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

सुरक्षा और पारदर्शिता के पुख्ता इंतजाम

ब्रीफिंग सत्र में मास्टर ट्रेनर श्री राजेश डेनियल एवं सहायक नोडल अधिकारी श्री भुवनेश्वर पटेल ने परीक्षा संचालन की विस्तृत प्रक्रिया समझाई। इसमें केंद्र खुलने के समय से लेकर अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग, परीक्षा केंद्रों की वीडियोग्राफी, मुख्य द्वार बंद कर फोटोग्राफी, निर्धारित परिधान संबंधी निर्देश, जैमर की स्थापना तथा प्रश्नपत्र खोलने की निर्धारित प्रक्रिया शामिल रही।

परीक्षा समाप्ति के बाद ओएमआर शीट को कक्षवार संकलित कर बंडल बनाकर सील-पैक करने और अन्य आवश्यक प्रपत्रों की सुरक्षित सीलिंग की प्रक्रिया पर भी विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया।

निष्पक्ष परीक्षा के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध

जिला प्रशासन ने सभी केंद्राधीक्षकों और संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का उद्देश्य है कि परीक्षा पारदर्शी, व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो, ताकि अभ्यर्थियों को निष्पक्ष अवसर प्राप्त हो सके।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena