Skip to content

रायगढ़ पुलिस की इंटर-स्टेट क्रिकेट सट्टा गिरोह पर बड़ी कार्रवाई

कोलकाता के होटल में रेड, 5 नामी सटोरिए गिरफ्तार; करोड़ों के ऑनलाइन दांव का खुलासा

रायगढ़, 20 फरवरी। जिले में जुआ-सट्टा और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रायगढ़ पुलिस ने इंटर-स्टेट क्रिकेट सट्टा गिरोह का पर्दाफाश करते हुए कोलकाता के एक होटल में दबिश देकर पांच नामी सटोरियों समेत उनके दो साथियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 25 मोबाइल, 3 लैपटॉप, 1 टैबलेट, 1 कैलकुलेटर और नगद ₹36,500 जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 6.30 लाख रुपये आंकी गई है।

वर्ल्ड कप मैच पर कई राज्यों में लग रहा था दांव

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी वर्तमान क्रिकेट वर्ल्ड कप के मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे थे। यह नेटवर्क छत्तीसगढ़ से लेकर पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में सक्रिय था। सटोरिए मोबाइल लिंक के माध्यम से “जेएमडी क्रिकेट बेटिंग ऐप” पर दांव लगवाते थे और पूरा लेनदेन ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए संचालित होता था। प्रारंभिक हिसाब-किताब की जांच में पिछले एक माह में करोड़ों रुपये के दांव लगने की जानकारी मिली है।

स्थायी वारंटियों की तलाश में पहुंची टीम

गौरतलब है कि वर्ष 2025 में कोतवाली और चक्रधरनगर थाना क्षेत्रों में दर्ज मामलों (धारा 7 जुआ एक्ट) में कई आरोपी फरार चल रहे थे, जिनके विरुद्ध न्यायालय से स्थायी वारंट जारी थे। विश्वसनीय सूचना पर एसएसपी के निर्देश पर साइबर थाना, कोतवाली और चक्रधरनगर की संयुक्त टीम कोलकाता रवाना की गई। हावड़ा स्थित एक होटल में दबिश देकर स्थायी वारंटी धर्मेंद्र शर्मा, शेख मोहम्मद शाहबाज, मोहम्मद मजहर, मोहम्मद फारूख और रोहित बुटानी को गिरफ्तार किया गया। उनके साथ अंकित सराफ और अजीत विश्वास को भी हिरासत में लिया गया, जिनकी भूमिका की जांच जारी है।

पूर्व रिकॉर्ड और नेटवर्क की परतें

आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में भी सट्टा संचालन के मामले दर्ज हैं। वर्ष 2025 में मोबाइल और नगदी के साथ गिरफ्तारी के बाद फरारी में चालान पेश किया गया था। इस बार की कार्रवाई में पुलिस ने न केवल वारंट तामील किए बल्कि पूरे ऑनलाइन नेटवर्क की परतें भी उजागर कीं। थाना कोतवाली और चक्रधरनगर के कुल 9 स्थायी वारंट इस कार्रवाई में निष्पादित किए गए।

एसएसपी का सख्त संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा, “जुआ-सट्टा से जुड़े आरोपी कहीं भी जाकर छुपें, उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। रायगढ़ में जुआ-सट्टा पूर्णतः बंद कराने के लिए हर सटोरी पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।” उन्होंने बताया कि गिरोह से जुड़े अन्य संदिग्धों की पतासाजी जारी है और साइबर विश्लेषण के माध्यम से लेनदेन की विस्तृत जांच की जा रही है।

पुलिस टीम की भूमिका

इस सफल कार्रवाई में एडिशनल एसपी अनिल सोनी और सीएसपी मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल, साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान सहित संयुक्त टीम के अधिकारियों-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस का कहना है कि ऑनलाइन सट्टा संचालन के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena