Skip to content

राजनांदगांव: जनगणना 2027 हेतु प्रथम चरण का प्रशिक्षण आयोजित, हाउस लिस्टिंग पर रहेगा विशेष फोकस

राजनांदगांव। आगामी जनगणना 2027 के प्रथम चरण (हाउस लिस्टिंग) के सफल संचालन को लेकर जिला स्तर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। जिला पंचायत सीईओ सुश्री सुरूचि सिंह की उपस्थिति में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना की संपूर्ण प्रक्रिया, दायित्वों, कानूनी प्रावधानों एवं निर्धारित समय-सीमा के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों को स्पष्ट किया गया कि जनगणना दो चरणों में संपन्न होगी, जिसमें प्रथम चरण में प्रत्येक भवन एवं मकान का सूचीकरण (हाउस लिस्टिंग) किया जाएगा, जबकि द्वितीय चरण में जनसंख्या गणना के अंतर्गत प्रत्येक व्यक्ति की जनसांख्यिकीय जानकारी संकलित की जाएगी।

जिला पंचायत सीईओ ने बताया कि इस बार जनगणना की समस्त प्रक्रिया पूर्णतः डिजिटल माध्यम से मोबाइल ऐप के जरिए संपन्न की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनगणना देश और जिले की वास्तविक सामाजिक-आर्थिक तस्वीर प्रस्तुत करती है, जिसके आधार पर विकास योजनाएं, नीतियां और संसाधनों का वितरण तय होता है। इसलिए इस दायित्व को निर्वाचन कार्य की तरह गंभीरता, निष्पक्षता और प्रतिबद्धता के साथ निभाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह कार्य पूर्णतः समयबद्ध है तथा भारत सरकार के निर्देशानुसार निर्धारित अवधि में ही पूर्ण करना अनिवार्य होगा, इसमें किसी प्रकार का समय विस्तार नहीं दिया जाएगा।

प्रशिक्षण के दौरान डेटा गोपनीयता और सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को बताया गया कि जनगणना के तहत एकत्रित की जाने वाली समस्त जानकारी पूर्णतः गोपनीय रहती है तथा किसी भी व्यक्ति की व्यक्तिगत जानकारी का प्रत्यक्ष उपयोग नहीं किया जाता। आंकड़ों का उपयोग केवल समग्र जनसांख्यिकीय विश्लेषण, योजना निर्माण और नीति निर्धारण के लिए किया जाता है। जिला पंचायत सीईओ ने निर्देशित किया कि आम नागरिकों को जागरूक किया जाए ताकि वे सही, सटीक और सत्य जानकारी उपलब्ध कराएं तथा किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना से बचा जा सके।

प्रशिक्षण सत्र में मास्टर ट्रेनर्स द्वारा जनगणना 2027 में जनगणना पदाधिकारियों की भूमिका, कानूनी प्रावधान, पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों की नियुक्ति प्रक्रिया, जनशक्ति प्रबंधन, प्रचार-प्रसार गतिविधियां तथा स्व-गणना प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही मोबाइल एवं वेब ऐप के उपयोग, संभावित तकनीकी समस्याओं के निराकरण, समय-सीमा पालन, उत्तरदाता-प्रगणक-पर्यवेक्षक की जिम्मेदारियों और डेमो प्रस्तुतीकरण के माध्यम से व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री सी.एल. मारकण्डेय, अपर कलेक्टर श्री प्रेमप्रकाश शर्मा, एसडीएम श्री एम. भार्गव, एसडीएम श्री श्रीकांत कोर्राम, एसडीएम श्री गौतम पाटिल सहित तहसीलदार, सीएमओ, नायब तहसीलदार एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण कार्यक्रम को जनगणना 2027 की तैयारियों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena