Skip to content

कोरबा: खौलते दाल के पानी में गिरी दो वर्षीय मासूम, झुलसने से मौत

कोरबा। कोरबा शहर में एक हृदयविदारक हादसे में खौलते दाल के पानी से झुलसने के कारण दो वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। अस्पताल पुलिस ने मामले में वैधानिक कार्रवाई पूरी कर ली है।

आंगन में खेलते-खेलते हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, मामला कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सीतामढ़ी शिव मंदिर गली का है। यहां शंकर सारथी मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता है। गुरुवार को उसकी पत्नी आंगन में सिगड़ी पर दाल पका रही थी। इसी दौरान वह कुछ देर के लिए कमरे के अंदर चली गई।

उधर, खेलते-खेलते दो वर्षीय बेटी आराधना सिगड़ी के पास पहुंच गई और वहां रखे खौलते दाल के बर्तन से टकरा गई। बर्तन पलटने से गर्म दाल उसके शरीर पर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई।

अस्पताल में तोड़ा दम

मासूम की चीख सुनकर परिजन दौड़ते हुए बाहर आए और उसे तुरंत निहारिका स्थित निजी अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। वहां लगातार इलाज के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी और उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

पुलिस ने की वैधानिक कार्रवाई

घटना की सूचना पर अस्पताल चौकी पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई पूरी की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

बताया जा रहा है कि आराधना का एक बड़ा भाई भी है। मासूम की असमय मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। यह हादसा घरेलू रसोई में सुरक्षा और बच्चों की निगरानी की आवश्यकता को एक बार फिर उजागर करता है।

Screenshot

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena