Skip to content

कोरबा में एकतरफा प्यार का खौफनाक अंजाम: युवती के पिता पर फायरिंग, आरोपी पिस्टल सहित गिरफ्तार

कोरबा। बालको नगर थाना क्षेत्र में एकतरफा प्रेम प्रसंग ने हिंसक रूप ले लिया। युवती से एकतरफा प्रेम करने वाले युवक ने उसके पिता पर हत्या की नीयत से पिस्टल से गोली चला दी। हालांकि सतर्कता के कारण पिता बाल-बाल बच गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया।

घटना 18 फरवरी 2026 की रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। आरोपी की पहचान साहिल मसीह (20 वर्ष), निवासी इंदिरा नगर, बालको के रूप में हुई है। प्रार्थी ने 19 फरवरी को बालको नगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

छह महीने से कर रहा था पीछा और छेड़खानी

रिपोर्ट के अनुसार, साहिल मसीह पिछले लगभग छह महीनों से प्रार्थी की बेटी का पीछा कर रहा था और लगातार छेड़खानी कर परेशान कर रहा था। परिजनों द्वारा विरोध किए जाने के बावजूद वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था।

दरवाजा खुलते ही कर दिया फायर

18 फरवरी की रात आरोपी मोटरसाइकिल से युवती के घर के पास पहुंचा। उसने घर के बाहर खड़े होकर गाली-गलौज और हंगामा शुरू कर दिया। शोर सुनकर जब युवती के पिता दरवाजा खोलकर बाहर आए, तभी साहिल ने उन पर पिस्टल तानकर गोली चला दी। गोली की आवाज सुनते ही पिता जमीन पर बैठ गए, जिससे वे बाल-बाल बच गए।

बताया जा रहा है कि आरोपी ने दोबारा फायर करने की कोशिश की, लेकिन पिस्टल से गोली नहीं चली। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।

पिस्टल और कारतूस बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल जब्त की है। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी के पास अवैध हथियार कहां से आया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की विवेचना शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल देने की अपील की है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri