Skip to content

घर से निकला, झाड़ियों में मिली लाश: झोलाछाप डॉक्टर की संदिग्ध मौत से सनसनी, सिर पर गहरी चोट; हत्या की आशंका

रायगढ़। शहर से लगे ग्रामीण अंचल में उस वक्त सनसनी फैल गई जब चक्रधरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत जामगांव–बेहरापाली मार्ग के बीच झाड़ियों में एक झोलाछाप डॉक्टर का शव बरामद हुआ। कुर नाला पर बने रपटा पुल से कुछ दूरी पर कोलाई बहाल सीमा के पास युवक की लाश कपड़ों से ढकी अवस्था में पड़ी मिली। सूचना मिलते ही चक्रधर नगर थाना की टीम, साइबर सेल और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।

सुबह ग्रामीणों ने देखा शव, फैली सनसनी

गुरुवार सुबह जब ग्रामीणों का आना-जाना शुरू हुआ तो उनकी नजर झाड़ियों के बीच पड़े एक शव पर पड़ी। पास ही एक बैग, जिसमें उपचार से संबंधित सामग्री बताई जा रही है, और कुछ कागजात बिखरे मिले। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई करते हुए शव की पहचान बेहरापाली निवासी सत्यानंद प्रधान (40 वर्ष) के रूप में कराई, जो क्षेत्र में झोलाछाप डॉक्टर के रूप में जाना जाता था।

शाम को घर से निकला, फिर नहीं लौटा

परिजनों ने बताया कि सत्यानंद बुधवार शाम अपनी बाइक से घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। सुबह शव मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का कहना है कि वह किसी से मिलने गया था या रोजमर्रा के काम से निकला था, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं है।

सिर पर गहरे चोट के निशान, हत्या की आशंका प्रबल

प्रारंभिक जांच में मृतक के सिर पर गहरी चोट के निशान पाए गए हैं। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि उसकी हत्या कर शव को सुनसान स्थान पर फेंका गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

भाई ने जताई रंजिश की आशंका

मृतक के भाई ने गांव के दो लोगों पर संदेह जताते हुए कहा कि पूर्व में उनका विवाद हुआ था। परिवार को आशंका है कि पुरानी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया हो सकता है। हालांकि पुलिस फिलहाल किसी भी कोण को नकार नहीं रही है और हर पहलू से जांच की बात कह रही है।

पुलिस जुटी जांच में, इलाके में दहशत

घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत और चर्चाओं का दौर जारी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है, साथ ही घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। डॉग स्क्वायड की मदद से संभावित सुराग तलाशे जा रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।

अब सबकी निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी हैं। सवाल यह है कि क्या यह सुनियोजित हत्या है या फिर किसी अन्य कारण से हुई मौत? जांच पूरी होने के बाद ही सच्चाई सामने आ सकेगी।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena