Skip to content

अडानी समूह में कथित 3 अरब डॉलर के गुप्त निवेश का खुलासा, कांग्रेस ने मोदी सरकार पर साधा निशाना

नई दिल्ली। अडानी समूह में कथित बेनामी निवेश का मामला फिर गरमाया है। रिपोर्टों के अनुसार, कारोबारी चांग चुंग-लिंग और नासिर अली शबान अहली ने 2023 तक लगभग 3 अरब डॉलर के गुप्त निवेश किए। इस खुलासे के बाद कांग्रेस ने मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला और संयुक्त संसदीय समिति (JPC) के माध्यम से मामले की जांच की मांग की, जिसे पार्टी का दावा है कि प्रधानमंत्री ने रोक दिया।

रिपोर्ट के मुख्य तथ्य

फाइनेंशियल टाइम्स और अंतरराष्ट्रीय जांच एजेंसी OCCRP की जांच में सामने आया है कि अडानी समूह के करीबी सहयोगियों ने हेज फंड्स के माध्यम से समूह की कंपनियों में भारी हिस्सेदारी हासिल की। यह निवेश REYL Intesa Sanpaolo के आंतरिक दस्तावेजों से पता चला।

नासिर अली शबान अहली ने ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड्स स्थित Gulf Asia Trade & Investment Ltd के जरिए 2.02 अरब डॉलर का निवेश किया। चांग चुंग-लिंग ने Lingo Investment Ltd के माध्यम से 1.02 अरब डॉलर का निवेश किया। अडानी परिवार के अन्य सदस्य, जैसे विनोद अडानी, ने भी UAE रजिस्टर्ड कंपनियों के जरिए निवेश किया।

जांच में यह भी खुलासा हुआ कि दोनों निवेशक लंबे समय से अडानी परिवार से जुड़े रहे हैं और कई कंपनियों में डायरेक्टर रहे हैं। अगस्त 2024 में चांग की 31.1 करोड़ डॉलर की संपत्ति फ्रीज कर दी गई थी।

कांग्रेस का हमला

कांग्रेस महासचिव (संचार प्रभारी) जयराम रमेश ने ट्वीट कर आरोप लगाया कि अडानी समूह राजनीतिक संरक्षण का लाभ उठाकर कारोबार का विस्तार कर रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने OCCRP और SEBI की जांच में देरी की, और JPC की मांग को भी रोक दिया।

रमेश ने आरोप लगाया कि अडानी समूह ने एयरपोर्ट, बंदरगाह, बिजली और सोलर पावर जैसे सेक्टरों में अनुचित तरीके से एकाधिकार स्थापित किया और विदेशी निवेशकों के जरिए बड़ी रकम का गुप्त निवेश किया। उन्होंने इसे “मोदानी मेगा स्कैम” करार दिया और कहा कि इसके सभी पहलुओं की पारदर्शी जांच आवश्यक है।

अडानी समूह की प्रतिक्रिया

अडानी समूह ने सभी आरोपों का खंडन किया है। समूह के प्रवक्ता ने कहा कि सार्वजनिक शेयरों की खरीद और प्रमोटर शेयरधारक संबंधी सभी गतिविधियां भारतीय कानून के अनुरूप हैं। SEBI ने सितंबर 2025 में जारी आदेशों में समूह को क्लीन चिट दी, हालांकि कई मामले अभी लंबित हैं।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena