Skip to content

नई आबकारी नीति पर सियासत: कांग्रेस बोली- होली, मुहर्रम पर शराब दुकान खोलना बीजेपी का शराब प्रेम

रायपुर। छत्तीसगढ़ की नई आबकारी नीति को लेकर सियासत गरमाई है। कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर जुबानी हमला बोलते हुए कहा है कि गांधी पुण्यतिथि, होली और मुहर्रम के दिन शराब दुकान खोलने का फैसला सिर्फ शराब प्रेम और राजस्व बढ़ाने की भूख का परिणाम है। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की यह नीति शराब कारोबारियों को फायदा पहुँचाने वाली है और समाज में शांति भंग करने का कारण बन सकती है।

ठाकुर ने कहा कि महात्मा गांधी पुण्यतिथि पर शराब दुकान खोलकर सरकार बापू की नशामुक्ति की विचारधारा की हत्या कर रही है। होली और मुहर्रम जैसे धार्मिक और सांस्कृतिक अवसरों पर शराबखोरी बढ़ने से उपद्रव और अपराध की आशंका है। उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था नशे के कारण पहले से ही कमजोर है और महिलाओं के साथ हिंसा बढ़ी है।

कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि सत्ता में आने के बाद भाजपा ने महिलाओं को दिए गए शराबबंदी के आश्वासन को उलट दिया है। नई आबकारी नीति में 102 नई शराब दुकानें खोलना, होटल और ढाबों में छूट देना, और मोबाइल ऐप के माध्यम से शराब की उपलब्धता दिखाना शामिल है। ठाकुर ने कहा कि प्रदेश अब नशा तस्करों का गढ़ बन गया है, अवैध शराब और नशीली वस्तुएं खुलेआम बिक रही हैं।

कांग्रेस ने सरकार से मांग की है कि गांधी पुण्यतिथि, होली और मुहर्रम के दिन शराब दुकानें बंद रखी जाएँ, ताकि समाज में शांति बनी रहे और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena