Skip to content

रायगढ़ मेडिकल कॉलेज परिसर में दर्दनाक हादसा: 12वीं की छात्रा की छत से गिरकर मौत, आज था पहला बोर्ड पेपर

रायगढ़। रायगढ़ के मेडिकल कॉलेज के आवासीय परिसर में बुधवार सुबह एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया। 12वीं कक्षा की छात्रा अनन्या सर्वे की छत से गिरने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना सुबह करीब 6 बजे की बताई जा रही है। संयोग से आज ही उसका 12वीं बोर्ड परीक्षा का पहला पेपर था। मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है।

छत पर टहलते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, अनन्या अपने परिवार के साथ मेडिकल कॉलेज के आवासीय परिसर के टाइप-6 भवन की तीसरी मंजिल पर रहती थी। बुधवार सुबह वह रोज़ की तरह छत पर टहल रही थी, तभी अचानक असंतुलित होकर नीचे गिर गई। गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट आई।

परिजन तत्काल उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

मेडिकल कॉलेज कर्मचारी की बेटी थी अनन्या

मृतका के पिता राजेश सर्वे मेडिकल कॉलेज की स्थापना शाखा में कर्मचारी हैं। घटना के बाद पूरे मेडिकल कॉलेज परिसर में शोक की लहर फैल गई। सहकर्मियों और स्थानीय निवासियों ने गहरा दुख व्यक्त किया है।

पुलिस जांच जारी

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी ने बताया कि छात्रा की सिर पर गंभीर चोट लगने से मौत हुई है। मर्ग पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया और फिर परिजनों को सौंप दिया गया।अंतिम संस्कार के लिए परिजन शव को बिलासपुर जिले के गनियारी स्थित अपने गृह ग्राम ले गए।

पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना

स्थानीय लोगों के अनुसार, इसी भवन से करीब 7 वर्ष पूर्व भी एक बुजुर्ग महिला के छत से गिरने की घटना सामने आई थी, जिसमें उसकी मृत्यु हो गई थी।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह स्पष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है कि यह दुर्घटना थी या किसी अन्य कारण से यह हादसा हुआ।

यह घटना न केवल परिवार बल्कि पूरे परिसर और शहर के लिए गहरा आघात है, विशेषकर उस दिन जब छात्रा अपने जीवन की महत्वपूर्ण परीक्षा देने जा रही थी।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena