Skip to content

छत्तीसगढ़ में सनसनी: बिलासपुर में ज्वेलरी कारोबारी पर पिस्टल तानकर लूट, विरोध करने पर सिर फोड़ा

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मंगलवार देर रात हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने एक ज्वेलरी कारोबारी पर जानलेवा हमला कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

घटना रात करीब 9 बजे राजकिशोरनगर से टेलीफोन एक्सचेंज रोड के बीच हुई। जानकारी के अनुसार, कारोबारी संतोष तिवारी अपनी दुकान बंद कर कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान शक्ति चौक से बीएसएनएल ऑफिस के बीच कार और बाइक पर सवार 3 से 4 नकाबपोश बदमाशों ने उनकी कार को जबरन रुकवा लिया।

पिस्टल तानकर लूट, विरोध पर हमला

आरोप है कि बदमाशों ने कारोबारी पर पिस्टल तानकर कार में रखे लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए। जब संतोष तिवारी ने विरोध किया तो आरोपियों ने पिस्टल के बट और हथौड़े से उनके सिर पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद तिवारी किसी तरह खुद को संभालते हुए सरकंडा थाना पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी दी।

मौके से मैगजीन और राउंड बरामद

सिविल लाइन सीएसपी कार्यालय के सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि अज्ञात हमलावरों ने रोककर मारपीट की और लूट को अंजाम दिया। घटनास्थल से एक पिस्टल की मैगजीन और कुछ जिंदा राउंड बरामद हुए हैं, जिन्हें चलाया नहीं गया था। पीड़ित के सिर में गंभीर चोट आई है।

पुलिस ने की नाकेबंदी, CCTV खंगाल रही टीम

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शहर में चारों ओर नाकेबंदी कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। शहर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर आम नागरिकों में चिंता का माहौल है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena