Skip to content

वन विभाग रायगढ़ का बड़ा एक्शन: अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़, भारी मात्रा में खैर लकड़ी जब्त

रायगढ़। जिला प्रशासन के निर्देश पर वन विभाग रायगढ़ ने अवैध खैर लकड़ी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। 16 फरवरी को मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के बाद वन मंडलाधिकारी के मार्गदर्शन में उप वनमंडलाधिकारी एवं उड़नदस्ता टीम ने संयुक्त दबिश दी, जिससे तस्करों में हड़कंप मच गया।

कार्रवाई के दौरान तस्कर लकड़ी से लदे ट्रक के साथ फरार होने का प्रयास करने लगे, लेकिन वन विभाग की सतर्कता से चंद्रपुर मार्ग पर घेराबंदी कर ट्रक क्रमांक सीजी-06 2022 को पकड़ लिया गया। प्रारंभिक अफरा-तफरी में चालक फरार हो गया था, परंतु बाद में छानबीन कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पूरे नेटवर्क का खुलासा

पूछताछ में आरोपी चालक और उसके सहयोगी मेलाराम ने तस्करी के नेटवर्क का खुलासा किया। जानकारी के अनुसार गिरोह आसपास के जंगलों से बेशकीमती खैर लकड़ी काटकर सहसपुरी में डंप करता था, फिर उसे चांपा स्थित एक गुप्त गोदाम तक पहुंचाया जाता था।

रात करीब एक बजे रायगढ़ टीम ने चांपा के अकलतरा भांटा क्षेत्र में संयुक्त छापेमारी की। चांपा वन विभाग के सहयोग से की गई इस कार्रवाई में भारी मात्रा में खैर लकड़ी बरामद की गई। जांच में सामने आया है कि गिरोह के तार अन्य राज्यों से भी जुड़े हैं और लकड़ी को ऊंचे दामों पर पंजाब व हरियाणा जैसे राज्यों में खपाया जाता था।

टीम की अहम भूमिका

इस पूरे ऑपरेशन में उप वनमंडलाधिकारी तन्मय कौशिक, वन परिक्षेत्राधिकारी संजय लकड़ा और उड़नदस्ता प्रभारी संदीप नामदेव की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

वन विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि जिले में कहीं भी अवैध वन अपराध की सूचना मिलने पर मोबाइल नंबर 99263-21401 या टोल फ्री नंबर 1800-233-2631 पर तत्काल जानकारी दें।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena