Skip to content

4 माह से पेंशन बंद: बुजुर्ग, विधवा और दिव्यांगों के समर्थन में कांग्रेस का कलेक्ट्रेट घेराव, सौंपा ज्ञापन

कांग्रेस का आरोप – केंद्र की लचर व्यवस्था से 7,848 हितग्राही प्रभावित

रायगढ़। रायगढ़ नगर निगम क्षेत्र में वृद्धा, विधवा और दिव्यांग पेंशन की राशि पिछले चार माह से नहीं मिलने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शाखा यादव के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि पेंशन नहीं मिलने से हजारों जरूरतमंद हितग्राहियों को गंभीर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में बताया गया कि नगर निगम क्षेत्र में 80 वर्ष से अधिक तथा 60 से 79 वर्ष तक के 3,804 वृद्ध पेंशनर, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन के 742 हितग्राही, 61 दिव्यांग पेंशनर, सुखद सहारा योजना के 1,465 लाभार्थी, सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 1,565 हितग्राही तथा मुख्यमंत्री पेंशन योजना के 211 लाभार्थी हैं। कुल मिलाकर 7,848 हितग्राही ऐसे हैं, जिनके लिए पेंशन जीवनयापन का बड़ा सहारा है।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा राज्य को समय पर अपना अंश नहीं भेजे जाने के कारण पेंशन वितरण प्रभावित हुआ है। इसके चलते बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगों को नियमित पेंशन नहीं मिल पा रही है। साथ ही राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के अंतर्गत परिवार के मुखिया की मृत्यु पर मिलने वाली 20,000 रुपये की सहायता राशि भी आबंटन के अभाव में नहीं मिल रही है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पेंशन योजना को नियमित रूप से संचालित करने के वादे किए गए थे, लेकिन राशि के अभाव में यह व्यवस्था चरमराई हुई है। समय पर पेंशन नहीं मिलने से लाभार्थियों के भरण-पोषण, दवा और दैनिक खर्चों पर गंभीर असर पड़ा है। कांग्रेस ने कलेक्टर के माध्यम से सरकार से मांग की है कि लंबित पेंशन राशि जल्द जारी कर राहत प्रदान की जाए।

ज्ञापन सौंपने वालों में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शाखा यादव, जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष नगेंद्र नेगी, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनिल शुक्ला, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष सलीम नियारिया, उप नेता प्रतिपक्ष विकास ठेठवार, प्रदेश युवक कांग्रेस उपाध्यक्ष राकेश पांडेय, प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट रिंकी पांडेय सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।इस संबंध में जानकारी जिला कांग्रेस प्रवक्ता विनोद कपूर ने दी।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena