Skip to content

रायगढ़ पुलिस का “ऑपरेशन शंखनाद”:गौ तस्करों पर लगातार कार्रवाई जारी

रायगढ़। जिले में मवेशी तस्करी रोकने के लिए पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत पुलिस की प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी है। सीमावर्ती जिलों से मवेशियों की तस्करी रोकने के उद्देश्य से पुलिस टीम ने गश्त और नाकेबंदी तेज कर दी है।

जोबी पुलिस की बड़ी सफलता

दिनांक 14 फरवरी 2026 की रात्रि, जोबी पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोग मोटरसाइकिल और पिकअप वाहन से मवेशियों को क्रूरतापूर्वक लादकर ले जा रहे हैं। सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी एएसआई लक्ष्मी नारायण राठौर ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए अटल चौक पर नाकेबंदी की।

जांच के दौरान सक्ति की ओर से एक लाल-काले रंग की होंडा साइन मोटरसाइकिल को रोका गया, जिसके चालक भूपेंद्र यादव, निवासी सिंगीबहार, थाना तपकरा, जिला जशपुर थे। उसके पीछे आ रहे पिकअप वाहन (क्रमांक JH 07 M 0203) को रोककर तलाशी लेने पर उसमें 10 नग गौवंश रस्सियों से बंधे पाए गए। पिकअप चालक पवन राम निवासी बधीमा और उसके साथी परमेश्वर यादव भी मौके पर मौजूद थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से जप्त की गई संपत्ति का विवरण इस प्रकार है:

पिकअप वाहन: 6 लाख रुपये 10 नग गौवंश: 2.55 लाख रुपये होंडा साइन मोटरसाइकिल: 1 लाख रुपये कुल मूल्य: 9 लाख 55 हजार रुपये

आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम (धारा 4,6,10,11) और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम (धारा 11) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

गिरफ्तार आरोपी:

पवन राम, पिता जलघर, उम्र 21 वर्ष, निवासी बधीमा, थाना सिटी कोतवाली, जिला जशपुर परमेश्वर यादव, पिता ईश्वर, उम्र 26 वर्ष, निवासी सिंगीबहार, थाना तपकरा, जिला जशपुर भूपेंद्र यादव, पिता शैलेन्द्र यादव, उम्र 25 वर्ष, निवासी सिंगीबहार, थाना तपकरा, जिला जशपुर

इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी एएसआई लक्ष्मी नारायण राठौर के साथ आरक्षक राजेंद्र राठिया, राजेश सिदार और अश्वनी सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

धरमजयगढ़ पुलिस की तत्परता से 14 नग गौवंश मुक्त

धरमजयगढ़ क्षेत्र के ग्राम कोन्ध्रा में मवेशी तस्कर गौवंश लेकर जा रहे थे। सूचना मिलने पर एएसआई गंगाराम भगत के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। तस्करों को देखकर वे गौवंश छोड़कर फरार हो गए।

इस कार्रवाई में 14 नग गौवंश को सुरक्षित कर पशु चिकित्सक से उनका परीक्षण कराया गया और उन्हें उचित चारा-पानी उपलब्ध कराया गया। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भी छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उनकी तलाश जारी है।

एसएसपी रायगढ़ का संदेश

पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि:

“ऑपरेशन शंखनाद के तहत मवेशी तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। गौवंश के अवैध परिवहन और पशु क्रूरता के मामलों में किसी को बख्शा नहीं जाएगा। आम नागरिक इस प्रकार की गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, उनकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी।”

पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि मवेशियों की सुरक्षा और तस्करी रोकने के लिए जिले में नाकेबंदी, गश्त और सूचना तंत्र लगातार सशक्त किया जाएगा।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Tarendra Dansena

Tarendra Dansena