Skip to content

मिट्टी की नमी की निगरानी करेगा ‘निसार’: हर 12 दिन में 100 मीटर रिज़ॉल्यूशन डाटा उपलब्ध कराएगा ISRO

नई दिल्ली: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने स्पष्ट किया है कि NASA-ISRO SYNTHETIC Aperture Radar (NISHAR) मिशन भारत में हर 12 दिन के अंतराल पर 100 मीटर रिज़ॉल्यूशन में मिट्टी की नमी का डाटा उपलब्ध कराएगा। निसार उपग्रह का एस-बैंड और एल-बैंड सिंथेटिक अपर्चर रडार भारतीय भूभाग को लगातार स्कैन कर रहा है, जिससे नियमित रूप से उच्च गुणवत्ता वाला विस्तृत डाटा प्राप्त होगा। यह डाटा कृषि, सिंचाई योजना, सूखा प्रबंधन और जल संसाधन नियोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

फाइल फोटो

ISRO के अनुसार मिट्टी की नमी फसल स्वास्थ्य, सिंचाई की आवश्यकता और सूखे के जोखिम का प्रमुख संकेतक है। मिट्टी में उपलब्ध नमी की सटीक जानकारी मिलने से यह तय करना आसान होगा कि किस क्षेत्र में कितनी सिंचाई की जरूरत है और कहां सूखे की आशंका बढ़ रही है। इससे किसानों को वैज्ञानिक आधार पर निर्णय लेने में सहायता मिलेगी और कृषि-मौसम संबंधी सलाह अधिक प्रभावी बन सकेगी।

निसार के एस और एल बैंड डाटा के माध्यम से देश के विभिन्न कृषि-जलवायु क्षेत्रों सिंचित मैदानी इलाकों, वर्षा आधारित खेती वाले क्षेत्रों, अर्ध-शुष्क क्षेत्रों तथा अधिक वर्षा वाले इलाकों में मिट्टी की नमी का सटीक आकलन किया जा सकेगा। इससे क्षेत्र विशेष की परिस्थितियों के अनुरूप फसल प्रबंधन रणनीति तैयार करना संभव होगा।

मिट्टी की नमी का आकलन करने के लिए एल्गोरिदम (SAC-ISRO) में विकसित किया गया है। यह एल्गोरिदम वैज्ञानिक परीक्षणों पर आधारित है, जिससे प्राप्त डाटा की विश्वसनीयता और सटीकता सुनिश्चित होती है। ISRO ने यह भी स्पष्ट किया है कि निसार लगभग रियल-टाइम निगरानी करने में सक्षम है, जिससे त्वरित निर्णय लेने में मदद मिलेगी।

राष्ट्रीय अभियानों के समर्थन के लिए (NRSC) में हर 12 दिनों में दो अवलोकनों के साथ 100 मीटर लेवल-4 डाटा उपलब्ध कराया जाएगा। यह डाटा ‘भूनिधि’ पोर्टल के माध्यम से प्रसारित किया जाएगा, जिससे देशभर के किसानों, शोधकर्ताओं, सरकारी एजेंसियों और गैर-सरकारी संगठनों को निर्बाध पहुंच सुनिश्चित होगी।

इस प्रकार निसार मिशन भारत में डेटा-आधारित कृषि और जल प्रबंधन प्रणाली को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है, जिससे उत्पादन क्षमता बढ़ाने, जल उपयोग दक्षता सुधारने और सूखे जैसी परिस्थितियों से बेहतर ढंग से निपटने में सहायता मिलेगी।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri