Skip to content

CG : मंत्रिपरिषद का महत्वपूर्ण निर्णय

किसानों को बड़ी राहत पर लगी मुहर

रायपुर, 11 फरवरी 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में आज कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। कैबिनेट ने छत्तीसगढ़ की षष्ठम विधानसभा के अष्टम सत्र (फरवरी–मार्च 2026) हेतु माननीय राज्यपाल के अभिभाषण के प्रारूप को मंजूरी दी। साथ ही बजट अनुमान वर्ष 2026-27 को विधानसभा में प्रस्तुत करने के लिए छत्तीसगढ़ विनियोग विधेयक-2026 के प्रारूप को भी स्वीकृति प्रदान की गई। इससे आगामी बजट सत्र का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

किसानों को होली से पहले ₹10 हजार करोड़ का भुगतान

मंत्रिपरिषद ने राज्य में समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को ₹3100 प्रति क्विंटल की दर से अंतर राशि होली पर्व से पहले एकमुश्त भुगतान करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में प्रदेश के 25 लाख 24 हजार 339 किसानों से 141.04 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा कृषक उन्नति योजना के तहत धान मूल्य के अंतर की राशि के रूप में लगभग ₹10 हजार करोड़ का भुगतान किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी ₹3100 प्रति क्विंटल की दर से कर रही है, जो देश में सर्वाधिक मानी जा रही है। पिछले दो वर्षों में कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत किसानों को ₹25 हजार करोड़ से अधिक की राशि का भुगतान किया जा चुका है। इस वर्ष के ₹10 हजार करोड़ जोड़ने पर कुल भुगतान लगभग ₹35 हजार करोड़ तक पहुंच जाएगा। सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के लाखों किसानों को होली से पहले बड़ी आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri