Skip to content

आईना देख लीजिए विधायक जी”-नशे के आरोपों पर रायगढ़ कांग्रेस प्रवक्ता का धरसींवा विधायक पर तीखा पलटवार

रायगढ़। छत्तीसगढ़ की राजनीति में नशे के मुद्दे को लेकर बयानबाज़ी तेज हो गई है। विधायक अनुज शर्मा द्वारा सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट के बाद रायगढ़ कांग्रेस के प्रवक्ता तारेंद्र डनसेना ने तीखा पलटवार किया है। डनसेना ने कहा कि केवल आरोप लगाकर सच्चाई नहीं बदली जा सकती और पहले अपने दामन को भी देख लेना चाहिए।

दरअसल, धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए आरोप लगाया था कि भूपेश बघेल के शासनकाल में नशे का कारोबार केवल अवैध धंधा नहीं बल्कि सत्ता का हिस्सा बन गया था। उन्होंने लिखा कि बड़े महानगरों के ड्रग माफिया छत्तीसगढ़ में शरण लेते थे और इस “नशे के काले अध्याय” की जिम्मेदार केवल कांग्रेस है। उन्होंने अपनी पोस्ट में #Criminal_Congress हैशटैग का भी इस्तेमाल किया।

इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए रायगढ़ कांग्रेस प्रवक्ता तारेंद्र डनसेना ने कहा,

“माननीय विधायक जी, आईना कभी-कभी सामने रखकर खुद को भी देख लिया कीजिए। छत्तीसगढ़ में नशे का पूरा इतिहास कांग्रेस के माथे मढ़ देने से सच्चाई बदल नहीं जाती। आज जब आप सोशल मीडिया पर नैतिकता और अपराध की लंबी-लंबी बातें लिख रहे हैं, उसी समय प्रदेश के कई इलाकों से अफीम और नशीली फसलों की खेती के मामले सामने आ रहे हैं।”

डनसेना ने आगे कहा कि इन मामलों में पकड़े जाने वाले लोग किन राजनीतिक संबंधों से जुड़े निकल रहे हैं, यह प्रदेश की जनता अच्छी तरह देख और समझ रही है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि विधायक की पोस्ट में बड़े-बड़े आरोप और ड्रग माफिया की कहानियां तो हैं, लेकिन आज गांव-गांव में जो नशीली खेती पकड़ी जा रही है, उसके पीछे कौन लोग हैं, इस पर भी उतनी ही मुखरता दिखाई जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि राजनीति में दूसरों पर आरोप लगाना आसान है, लेकिन असली नैतिकता तब दिखाई देती है जब अपने लोगों पर भी उतनी ही सख्ती दिखाई जाए। “क्या उन मामलों पर भी उतनी ही जोरदार पोस्ट लिखी जाएगी, या फिर पार्टी का झंडा देखकर सब कुछ चुपचाप नजरअंदाज कर दिया जाएगा?” यह सवाल आज जनता पूछ रही है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि प्रदेश की जनता अब पहले से अधिक जागरूक है और वह यह भी देख रही है कि नशे के खिलाफ वास्तविक लड़ाई कौन लड़ रहा है और कौन केवल सोशल मीडिया के जरिए राजनीतिक माहौल बनाने में लगा है।

अंत में डनसेना ने तंज कसते हुए कहा कि दूसरों को “क्रिमिनल” कहने से पहले अपने दामन पर लगे दाग भी देख लेने चाहिए, क्योंकि जब आईना सामने आता है तो सबसे पहले सच उसी में दिखाई देता है।

https://www.facebook.com/share/p/1T17rYRGAG/

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Taran

Taran