Skip to content

जिले के अंतिम छोर मुकड़ेगा तक पहुंचा प्रशासन, जनसमस्या निवारण शिविर में सैकड़ों ग्रामीणों को मिला लाभ

रायगढ़, 12 मार्च 2026। आमजन की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा लैलूंगा विकासखंड के सुदूर वनांचल क्षेत्र मुकड़ेगा में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर आयोजित इस शिविर में दूरस्थ गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त किया।

शिविर के दौरान कलेक्टर श्री चतुर्वेदी और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर प्राप्त आवेदनों के निराकरण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र हितग्राहियों को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके।

समाधान शिविरों को औपचारिकता न बनाएं – कलेक्टर

कलेक्टर ने कहा कि समाधान शिविरों की जानकारी कम से कम तीन दिन पहले ग्राम पंचायतों में व्यापक रूप से दी जाए। केवल मुनादी पर निर्भर रहने के बजाय जमीनी अमले का भी सहयोग लिया जाए, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण शिविर तक पहुंच सकें।

उन्होंने विभागों को निर्देशित किया कि जिन सेवाओं का निराकरण ऑनलाइन संभव है, उनके लिए इंटरनेट युक्त कंप्यूटर या लैपटॉप की व्यवस्था भी शिविर स्थल पर की जाए। साथ ही छाया और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि समाधान शिविरों को औपचारिकता के रूप में न लिया जाए, बल्कि इन्हें आमजन की समस्याओं के वास्तविक समाधान का माध्यम बनाया जाए।

प्रशासन ने जानकारी दी कि 13 मार्च को तहसील मुख्यालय तमनार में अगला जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया जाएगा।

हितग्राहियों को सामग्री और स्वीकृति पत्र वितरित

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को सामग्री एवं स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा लिबरा और सोनाजोरी को बाल विवाह मुक्त प्रमाण पत्र प्रदान किया गया, वहीं नन्हे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया और गर्भवती माताओं को सुपोषण किट दी गई।

शिक्षा विभाग द्वारा 7 दिव्यांग बच्चों को शिक्षण सामग्री प्रदान की गई। मछली पालन विभाग ने 2 हितग्राहियों को मछली जाल और 2 को आइस बॉक्स वितरित किए। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 22 हितग्राहियों को आवास पूर्ण होने के बाद चाबी प्रदान की गई तथा 13 हितग्राहियों को आवास स्वीकृति प्रमाण पत्र दिए गए।

श्रम विभाग ने 3 हितग्राहियों को चेक प्रदान किए, जबकि खाद्य विभाग ने 12 हितग्राहियों को प्राथमिकता राशन कार्ड वितरित किए। समाज कल्याण विभाग द्वारा एक हितग्राही को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल और 9 लोगों को स्वीकृति पत्र दिए गए। छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत दो स्व-सहायता समूहों को बैंक क्रेडिट लिंकेज राशि प्रदान की गई। उद्यानिकी विभाग द्वारा फलदार पौधों का भी वितरण किया गया।

योजनाओं का लाभ मिलने पर ग्रामीणों ने जताई खुशी

शिविर में लाभान्वित हितग्राहियों ने खुशी व्यक्त की। तोलमा के ईसाइया कुजूर ने बताया कि मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल मिलने से अब उन्हें आवागमन में काफी सुविधा होगी। बुध साय गोंड ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिलने पर सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं सुशील टोप्पो और सुरेश लकड़ा ने कहा कि मछली पालन के लिए सामग्री मिलने से अब वे इस कार्य को बेहतर तरीके से कर सकेंगे।

स्वास्थ्य जांच और आधार निर्माण जैसी सेवाएं भी उपलब्ध

शिविर में 200 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए। स्वास्थ्य विभाग ने 100 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाइयां वितरित कीं और 5 लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए। आयुष विभाग ने 97 लोगों को औषधि दी। श्रम विभाग द्वारा श्रमिक पंजीयन किया गया और चिप्स विभाग ने 20 से अधिक लोगों के आधार कार्ड बनाए।

शिविर में डाकघर, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, उद्यानिकी, मछली पालन, श्रम, जल संसाधन, सीएसपीडीसीएल, राजस्व, सीएससी, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, लोक निर्माण, आयुष, खाद्य, वन, पशुधन, महिला एवं बाल विकास, आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति, कृषि तथा रोजगार नियोजन एवं कौशल विभाग सहित कई विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी गई और उन्हें लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष दीपक सिदार, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती शांता भगत, जनपद पंचायत लैलूंगा अध्यक्ष श्रीमती ज्योति भगत, उपाध्यक्ष मनोज अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों में जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे, एसडीएम भरत कौशिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और मैदानी अमला उपस्थित रहा।

ख़बर शेयर करें:

Description of the image
Kanha Shastri

Kanha Shastri